CrimeIndia

बलरामपुर: मासूम छात्र से मारपीट करने वाला शिक्षक गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

बलरामपुर-रामानुजगंज: शासकीय प्राथमिक शाला जवाखाड़ी (ग्राम पंचायत पलगी) में कक्षा दूसरी में पढ़ने वाले 7 वर्षीय छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट करने वाले शिक्षक उदय कुमार यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. आरोपी के खिलाफ थाना त्रिकुण्डा में अपराध क्रमांक 72/2025 के तहत धारा 296, 115(2) बीएनएस, तथा किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75 और 82 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है.

प्रार्थी धनंजय यादव (निवासी ग्राम पलगी) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका 7 वर्षीय पुत्र भागीरथी यादव, दिनांक 28 नवंबर 2025 को स्कूल से घर लौटा तो उसके दोनों गाल सूजे हुए थे, आंख में खून उतर आया था और वह बुखार से हांफ रहा था. पूछताछ करने पर बच्चे ने बताया कि टिफिन के बाद शिक्षक उदय यादव शराब के नशे में कक्षा में आए और गिनती न बता पाने पर गाली-गलौज करते हुए उसे बेरहमी से पीटा.

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना त्रिकुण्डा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की. आरोपी शिक्षक उदय कुमार यादव (उम्र 56 वर्ष), निवासी ग्राम पलगी, को खोजबीन कर हिरासत में लिया गया. पूछताछ व साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने कहा है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा सहन नहीं की जाएगी तथा इस मामले में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply