मंगलवार को हेलमेट और बाइक असेसरीज और कंपोनेंट्स कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है. उसका सबसे बड़ा कारण बंगाल सरकार का एक फैसला है. जिसकी वजह से देश की हेलमेट बनाने वाली कंपनी स्टड्स कंपनी को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है. उसकी वजह से बाकी कंपनियों के शेयरों में भी तेजी देखने को मिली है. जानकारी अनुसार Studds Accessories के शेयरों में लगभग 17 फीसदी की जबरदस्त तेज़ी आई. यह लिस्टिंग के बाद से उनकी सबसे बड़ी इंट्राडे बढ़त है.

यह तेजी एक ऐसी रिपोर्ट के बाद आई जिसमें बताया गया था कि बंगाल में चुनी गई नई BJP सरकार द्वारा ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू करने के बाद हेलमेट की बिक्री में भारी उछाल आया है. जिसकी वजह से स्टड्स के अलावा बॉश, मदरसन, सोनाकॉम्स और दूसरी कंपनियों के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली. खास बात तो ये है कि स्टड्स के शेयसर इंट्राडे में 513.50 रुपए के हाई लेवल पर पहुंच गया, जोकि 18 मार्च के बाद सबसे ऊंचा स्तर है.
सरकार की ओर से लिया गया ये फैसला
मई में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में BJP ने ऐतिहासिक जीत हासिल की थी. पार्टी ने 294 में से 207 सीटें जीतीं और राज्य में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली TMC के 15 साल के शासन को खत्म कर दिया. राज्य कैबिनेट मंत्री अशोक कीर्तनिया ने ईटी की रिपोर्ट में कहा कि पुलिस को हेलमेट नियम तोड़ने वाले सभी लोगों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है, लेकिन सिखों को धार्मिक आधार पर छूट दी गई है. उन्होंने कहा कि यह लोगों की सुरक्षा पर सरकार के ध्यान का नतीजा है… हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ और ‘सबकी सुरक्षा’ के विजन में विश्वास करते हैं.
नतीजतन, भारत की सबसे बड़ी हेलमेट निर्माता कंपनियों में से एक, Studds Accessories ने मई में पश्चिम बंगाल में बिक्री की मात्रा में रिकॉर्ड 70 फीसदी की वृद्धि दर्ज की. Studds के सेल्स डेटा के अनुसार, जहां पहले बच्चों के हेलमेट की मांग केवल कोलकाता तक सीमित थी, वहीं अब यह मुर्शिदाबाद, मालदा, मेदिनीपुर, कृष्णानगर, आसनसोल, बर्दवान, बांकुरा, सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी जैसे टियरII शहरों और कस्बों से भी आ रही है. Studds Accessories के जनरल मैनेजर आदित्य वर्मा ने कहा कि ज्यादातर डिमांड छोटे कस्बों और ग्रामीण इलाकों में पहली बार हेलमेट खरीदने वालों से आ रही है.
ये वे इलाके हैं जहां लोग कभीकभार ही हेलमेट पहनते थे, और अब यहां नियमों का पालन ज़्यादा सख्ती से कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बच्चों के हेलमेट की सेल्स में उछाल से पता चलता है कि नियमों का पालन अब सिर्फ़ अकेले गाड़ी चलाने वालों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पूरे परिवार इसे अपना रहे हैं. कंपनी की बिक्री में हुई जबरदस्त बढ़ोतरी ने शायद निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है, जिसके कारण आज शेयर की कीमत में इतनी तेजी आई है.
Studds Accessories के शेयर में भारी उछाल
Studds Accessories के शेयरों ने नवंबर 2025 में स्टॉक मार्केट में सुस्त शुरुआत की थी और IPO की कीमत 565 रुपए प्रति शेयर से 3 फीसदी से ज्यादा के डिस्काउंट पर लिस्ट हुए थे. इसी महीने में स्टॉक ने 600 रुपए प्रति शेयर का रिकॉर्ड हाई छुआ. इसने कुछ समय के लिए 585 रुपए के IPO प्राइस को पार किया, लेकिन फिर उस लेवल से नीचे आ गया. इस साल मई में, हेलमेट बनाने वाली कंपनी के शेयर अपने रिकॉर्ड हाई से लगभग 29 फीसदी गिरकर 427.55 रुपए प्रति शेयर के निचले स्तर पर आ गए. तब से स्टॉक में 20 फीसदी की रिकवरी हुई है, हालांकि यह अभी भी अपने लिस्टिंग प्राइस और IPO प्राइस से काफी नीचे है.
इन कंपनियों के शेयरों में भी तेजी
- मदरसन कंपनी के शेयर में कारोबारी सत्र के दौरान 3.31 फीसदी की तेजी देखने को मिली. जिसके बाद कंपनी का शेयर 143.50 रुपए पर आ गया था.
- बॉश लिमिटेड के शेयरों में कारोबारी सत्र के दौरान करीब 4 फीसदी का इजाफा देखने को मिला और कंपनी का शेयर 37,998.60 रुपए के लेवल पर आ गया.
- यूनो मिंड लिमिटेड के शेयर में कारोबारी सत्र के दौरान 3 फीसदी से ज्यादा का इजाफा देखने को मिला है और कंपनी का शेयर 1085.80 रुपए पर आ गया.
- ट्यूब इंवेस्टमेंट के शेयर में कारोबारी सत्र के दौरान करीब 4 फीसदी की तेजी देखने को मिली और कंपनी का शेयर 3,170.65 रुपए पर आ गया.
- सोनाकॉम्स के शेयरों में कारोबारी सत्र के दौरान 3.20 फीसदी का इजाफा देखने को मिला है. जिसके बाद कंपनी के शेयर 606.85 रुपए पर देखने को मिले.



