BollywoodIndia

बंगाली एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी का निधन, शूटिंग के दौरान समुद्र में डूबने से गई जान, टॉलीवुड में शोक की लहर

बंगाली एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी का निधन, शूटिंग के दौरान समुद्र में डूबने से गई जान, टॉलीवुड में शोक की लहर

Bengali Actor Rahul Arunoday Banerjee Passed Away: बंगाली फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी का निधन हो गया है, जिससे पूरे टॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह एक टीवी सीरियल की शूटिंग के सिलसिले में दीघा गए हुए थे।

राहुल इन दिनों स्टार जलसा के चर्चित शो ‘भोले बाबा पार करेगा’ में मुख्य भूमिका निभा रहे थे। इसी शो की शूटिंग के लिए उनकी टीम पश्चिम बंगाल के दीघा के पास तलसारी इलाके में मौजूद थी। शूटिंग खत्म होने के बाद राहुल समुद्र किनारे टहलने के लिए गए थे। इस दौरान वह लहरों की चपेट में आ गए और गहरे पानी में चले गए।

समुद्र में डूबने से राहुल अरुणोदय की हुई मौत

मौके पर मौजूद क्रू मेंबर्स और टेक्नीशियनों ने उन्हें डूबते हुए देखा और तुरंत बचाने के लिए दौड़े। काफी मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला गया। उस समय उनकी सांसें चल रही थीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

इस दुखद घटना की पुष्टि फेडरेशन से जुड़े दिगंत बागची ने की है। वहीं, स्थानीय पुलिस ने भी मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला डूबने का प्रतीत होता है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि उनकी मौत का असली कारण पानी में डूबना था या फिर उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा जाएगा।

अभिनेता ने ऐसे शुरू किया था अपना करियर

राहुल अरुणोदय बनर्जी टॉलीवुड का एक जाना-माना नाम थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी और बाद में टेलीविजन शो से कदम रखा। ज़ी बांग्ला के शो ‘खेल’ में निभाए गए उनके किरदार ने उन्हें पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में भी काम किया और दर्शकों के बीच अपनी अलग छाप छोड़ी।

उन्होंने मशहूर फिल्म ‘चिरदिनी तुमी जे आमार’ से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया था, जिसमें उनके साथ उनकी पत्नी प्रियंका सरकार भी नजर आई थीं। इसके अलावा उनका पॉडकास्ट शो ‘सहज कथा’ भी काफी लोकप्रिय रहा है। राहुल के अचानक निधन से उनके परिवार, दोस्तों और फैंस को गहरा सदमा पहुंचा है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply