राजनांदगांव: जिले की बसंतपुर पुलिस इन दिनों लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।
बसंतपुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुंदड़ा कुंज जी.ई. रोड के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 9.114 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी में शामिल थे और बिक्री के उद्देश्य से बस का इंतजार कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के शिव कुमार राय, सालिक राम और जबलपुर की पुष्पा बर्मन शामिल है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



