बलरामपुर: जिले के वनमंडल बलरामपुर अंतर्गत वन क्षेत्र में आग लगाने के आरोप में वन विभाग ने एक युवक को रंगे हाथ पकड़कर गिरफ्तार किया है. कार्रवाई वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देश और उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैंकरा के मार्गदर्शन में की गई. जानकारी के अनुसार, वनपरिक्षेत्र बलरामपुर के सर्किल बरदर, बीट पीपराही के वन कक्ष क्रमांक पी-3335, वनखंड रामगढ़ (कटोपानी नामक स्थान) में संतोष पिता भागीरथी निवासी ग्राम बरदर को जंगल में आग लगाते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया.
वन विभाग की टीम ने आरोपी के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक 22043/04 दिनांक 14 मार्च 2026 दर्ज किया है. वन विभाग ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(घ) तथा वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9 के तहत कार्रवाई की है. विभाग के अनुसार जंगल में आग लगाने से वन संपदा और वन्यजीवों को गंभीर नुकसान होने की आशंका रहती है, इसलिए इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है.

इस पूरी कार्रवाई के दौरान वनपरिक्षेत्राधिकारी बलरामपुर निखिल सक्सेना, वनक्षेत्रपाल प्रहलाद तिवारी, वनपाल धासी राम, वनरक्षक देवीलाल, राजेश राम, संजीव सिंह तथा अजीत कुजूर सहित अन्य वनकर्मी मौके पर मौजूद रहे और नियमानुसार कार्रवाई की गई. वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगलों में आग लगाने या किसी भी प्रकार की वन क्षति करने से बचें, अन्यथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



