डीडवाना-कुचामन : जिले में पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत कुचामन सिटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है.
पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए और हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है.यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुचामन शहर विमल सिंह नेहरा और वृत्ताधिकारी कुचामन शहर मुकेश चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी सतपाल सिंह के नेतृत्व में की गई.
नाकाबंदी में पकड़े गए आरोपी
मण्डावरा चौकी के सामने पुलिस टीम द्वारा नाकाबंदी के दौरान एक केम्पर गाड़ी में बैठे दो युवकों की तलाशी ली गई.तलाशी के दौरान गजेन्द्र बुगालिया उर्फ गज्जू के कब्जे से 1.2 ग्राम एमडीएमए और मुकेश बुगालिया के कब्जे से 6.2 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया . कार्रवाई के दौरान 1.2 ग्राम एमडीएमए, 6.2 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और घटना में प्रयुक्त केम्पर गाड़ी (नंबर आरजे 37 जीबी 6538) जब्त की गई है.
जारी रहेगा नशे के खिलाफ – थानाधिकारी सतपाल सिंह
थानाधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये पुलिस टीम रही कार्रवाई में शामिल
इस कार्रवाई में सतपाल सिंह के साथ पुलिस टीम के सदस्य श्योलाराम, देवीलाल, रामकिशोर और सुनील कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा.पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है.



