मैहर : अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मैहर कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है.पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर चंडीगंज कटरा मोहल्ला स्थित एक घर में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध देशी-विदेशी शराब और बीयर का जखीरा बरामद किया है.जब्त की गई शराब की कुल कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है.पुलिस ने मौके से एक कुख्यात आरोपी को भी गिरफ्तार किया है.
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को 29 मार्च को गुप्त सूचना मिली थी कि चंडीगंज कटरा मोहल्ला निवासी रिंकू वर्मन (34) अपने घर को गोदाम बनाकर अवैध शराब का भंडारण कर रहा है.सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने तत्काल रिंकू के घर पर छापा मारा.
35 कार्टून शराब और बीयर का जखीरा बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस भी घर के अंदर का नजारा देख दंग रह गई. आरोपी ने घर के भीतर अलग-अलग ब्रांड की महंगी शराब छिपा रखी थी.कार्रवाई के दौरान पुलिस ने निम्नलिखित खेप जब्त की: विदेशी शराब: 35 कार्टून (323 बल्क लीटर) जिसमें मैकडॉवल, 8PM, गोवा, बैगपाइपर, ऑफिसर च्वाइस, मैजिक मोमेंट वोडका और रम शामिल है।बीयर: 12 कार्टून (148 लीटर) किंगफिशर, बडवाइजर, अल्ट्रा और लेमाउंट ब्रांड की बीयर बरामद की गई.
पुराना अपराधी है रिंकू वर्मन
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रिंकू वर्मन एक आदतन अपराधी है.उसके विरुद्ध पूर्व में भी अवैध शराब की तस्करी, जुआ सट्टा और रंगदारी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं.पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है.अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इसके मुख्य सप्लायर कौन हैं.
टीम की सराहना
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी वंदना गर्ग, उपनिरीक्षक बी.पी. वर्मा और कोतवाली पुलिस टीम के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही.पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.



