CrimeIndia

औरंगाबाद में 48 घंटे में खुली बड़ी चोरी की गुत्थी, 7 शातिर चोर गिरफ्तार

औरंगाबाद : शहर के करमा रोड स्थित वार्ड नंबर- सात के गली नंबर-चार स्थित संस्कार कॉलोनी में 9 फरवरी की रात्रि दो घरों में हुई भीषण चोरी का नगर थाने की पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है.इस मामले में पुलिस ने कांड में शामिल सात चोरों को गिरफ्तार किया है.साथ ही साथ चोरी गए कैश और जेवरात की कुछ मात्रा को भी बरामद किया है.

गिरफ्तार चोरों में एक चोर पश्चिम बंगाल का तो छह चोर भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों के रहने वाले है। जिनकी पहचान भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के बरहरा गांव निवासी स्व दशरथ प्रसाद के पुत्र गांधी प्रसाद, साहेब टोला निवासी सुरेश प्रसाद के पुत्र रामू कुमार एवं स्व छठू प्रसाद के पुत्र अभिषेक सोनी, जज बाजार निवासी रमेश प्रसाद के पुत्र अंजनी कुमार, आदर्श विहार कॉलोनी निवासी अरुण शर्मा के पुत्र देव शर्मा, राजा बाजार निवासी स्व पारस सोनार के पुत्र सुनील कुमार एवं पश्चिम बंगाल के हुगली जिला के चंडीताला थाना के भगवतीपुर निवासी राजन ओरेल के पुत्र सुधीर ओरेल के रूप में की गई है.

पुलिस ने गिरफ्तार चोरों के पास से एक स्कॉर्पियो, 317.54 ग्राम चांदी का गहना, 15.18 ग्राम सोने का गहना, 87,500 नगद और सात मोबाइल बरामद किया है.इस संबंध में शुक्रवार की मध्यरात्रि के बाद और शनिवार की सुबह से पहले एक बजकर 42 मिनट पर एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया है कि 10 फरवरी को नगर थाना को लिखित आवेदन प्राप्त हुआ की संस्कार कॉलोनी में चोरी की घटना घटी है.

मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिक की दर्ज की गई और एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर वन संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन कर कांड में संलिप्त अभियुक्तों की अभिलंब गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया था। गठित एसआईटी के द्वारा सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण एवं आसूचना संकलन के आधार पर भोजपुर जिला के बिहिया थाना क्षेत्र से कुल सात संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया एवं पकड़े व्यक्ति के निशानदेही पर चोरी किए गए सोने चांदी के आभूषणों को बरामद कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया.

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना अपना अपराध स्वीकार कर लिया है एवं अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि ये सभी इसके पूर्व सीवान, बक्सर, नवादा एवं झारखंड राज्य के कई क्षेत्रों में ताला काट कर घर से चोरी करने की घटना को अंजाम दे चुके हैं। साथ ही साथ चोरी की घटना के अलावे इन लोगों के द्वारा शराब का व्यवसाय भी किया जाता है.

गिरफ्तार चोरों ने बताया कि उनके सदस्य दिन में घूम-घूम कर शहर के वैसे घरों को चिन्हित करते थे जिस घर के मालिक ताला बंद करके कहीं चले गए हो। इसी क्रम में नगर थाना क्षेत्र के कर्मा रोड स्थित संस्कार कॉलोनी में घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने सभी गिरफ्तार चोरों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

गौरतलब है कि चोरी की यह घटना संस्कार कॉलोनी के शंकर दयाल सिंह के घर हुई थी.चोरों ने उनके घर से 14 पीस सोने की अंगूठी, दो पीस सोने का कंगन, दो पीस गले के सोने की चेन, 6 पीस सोने की लॉकेट, एक पीस सोने की हर्ज़, पांच जोड़ा सोने के कान का टॉप, 3 पीस सोने का टीका, तीन पीस सोने की नथिया, दो जोड़ा सोने का झुमका, तीन जोड़ा सोने का कुंडल बाली, चार पीस सोने की नथुनी, आठ जोड़ा चांदी का पायल, 18 पीस चांदी का सिक्का, 23 पीस चांदी का बिछिया सहित एक लाख 30 हजार रुपए की चोरी कर ली थी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply