CrimeIndia

रीवा में पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष: आधी रात घर में घुसा हमलावर, बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से किया हमला

रीवा: जिले के मनगवां थाना अंतर्गत ग्राम काटी में रंजिश और गलतफहमी के चलते एक पड़ोसी ने दूसरे पड़ोसी के खून का प्यासा हो गया. बीते 17 दिसंबर की दरमियानी रात करीब 11:30 बजे, एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव के ही 55 वर्षीय बुजुर्ग रमेश बसोर के घर पर हमला बोल दिया. आरोपी ने घर की बिजली काट दी और धारदार हथियारों से बुजुर्ग पर वार किए. गंभीर रूप से घायल रमेश को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

आज शाम 4 बजे पीड़ित रमेश बसोर ने अस्पताल में आपबीती सुनाते हुए बताया कि हमलावर निमेश बसोर उर्फ गुड्डा छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ. उसने सबसे पहले घर की लाइट के तार काट दिए ताकि अंधेरे में पहचान न हो सके. जैसे ही रमेश कमरे से बाहर निकले, आरोपी ने उन पर हमला कर दिया.

रमेश ने बताया कि जब आरोपी ने सिर पर वार करना चाहा, तो उन्होंने नंगे हाथों से चापड़ को पकड़ लिया. छीना-झपटी के दौरान आरोपी ने कुल्हाड़ी (टांगा) निकाल ली और दूसरा वार किया. रमेश ने अपनी जान की परवाह न करते हुए कुल्हाड़ी के बेंट को भी पकड़ लिया और शोर मचाना शुरू किया. बुजुर्ग की हिम्मत देखकर हमलावर मौके से भाग निकला. रमेश के अनुसार, घर के बाहर दो अन्य युवक (रावेंद्र और मुकेश) निगरानी कर रहे थे.

इस वजह से रंजिश पाल बैठा था आरोपी

हमले के पीछे पुरानी कानूनी रंजिश बताई जा रही है. पीड़ित के मुताबिक, कुछ समय पूर्व गांव में हुए एक हत्याकांड (प्रजापति मामला) में आरोपी निमेश को शक था कि रमेश ने उसके खिलाफ पुलिस को गवाही या जानकारी दी है. इसी शक के चलते वह लंबे समय से बदला लेने की फिराक में था.

पुलिस की भूमिका और कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है. संजय गांधी अस्पताल पहुंची पुलिस टीम ने घायल के बयान दर्ज कर लिए हैं. मनगवां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल मुख्य आरोपी निमेश बसोर फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply