IndiaTrending

नागपुर में बेकाबू भैंस का खूनी तांडव, पुलिसकर्मी समेत 8 लाेगों पर किया हमला, बुजुर्ग की मौत, देखें VIDEO

नागपुर में बेकाबू भैंस का खूनी तांडव, पुलिसकर्मी समेत 8 लाेगों पर किया हमला, बुजुर्ग की मौत, देखें VIDEO

Nagpur Buffalo Attack Viral Video: महाराष्ट्र के नागपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के महल परिसर स्थित गांधी गेट इलाके में एक बेकाबू भैंस ने जबरदस्त उत्पाद मचाया, जिसकी चपेट में आने से एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना हुआ है।

मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग को बनाया निशाना

मृतक की पहचान 80 वर्षीय लक्ष्मण नारायणराव कुम्भारे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण कुम्भारे हर रोज की तरह सोमवार सुबह गांधी गेट इलाके में मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान सामने से एक आवारा और हिंसक हो चुकी भैंस दौड़ती हुई आई और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सड़क पर सिर के बल गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिसकर्मी और राहगीरों को भी किया घायल

भैंस का आतंक यहीं नहीं रुका। बुजुर्ग को टक्कर मारने के बाद वह सड़क पर जो भी सामने आया, उसे अपना निशाना बनाने लगी। बेकाबू भैंस ने सड़क से गुजर रहे दो बाइक सवारों को भी जोरदार टक्कर मारी, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो हिंसक भैंस ने राहुल चूड़े नामक एक पुलिसकर्मी पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम में कुल 8 से 10 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

रेबीज या बच्चे के खोने का अंदेशा?

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भैंस के इस कदर हिंसक होने के पीछे दो मुख्य कारण बताए जा रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि भैंस को किसी आवारा कुत्ते ने काट लिया था, जिससे उसे रेबीज हो गया था और वह पागल हो गई थी। वहीं, एक अन्य चर्चा यह भी है कि भैंस का बच्चा पिछले कुछ दिनों से लापता था, जिसके गम और गुस्से में वह हिंसक हो उठी।

नगर निगम की टीम ने भैंस पर पाया काबू

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नागपुर महानगरपालिका (NMC) की टीम ने भैंस को काबू में किया। टीम ने भैंस को पकड़ने के लिए उसके बच्चे का भी सहारा लिया, ताकि उसे शांत किया जा सके। फिलहाल भैंस को पकड़कर गोरक्षण केंद्र भेज दिया गया है। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में नगर निगम के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शहर में आवारा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन प्रशासन इस पर ठोस कार्रवाई करने में विफल रहा है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply