IndiaUttar Pradesh

कानपुर में कारोबारी के बेटे पर लेम्बोर्गिनी से 6 को उड़ाने का आरोप

यूपी के कानपुर में तेज रफ्तार अनियंत्रित लेम्बोर्गिनी कार का कहर देखने को मिला जहां तंबाकू कारोबारी के बेटे पर आरोप है कि उसने लेम्बोर्गिनी कार से 6 से ज्यादा लोगों को टक्कर मार दी। इसके अलावा कार सवार ने एक बाइक सवार को भी टक्कर मारी जिससे वो हवा में उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा। इसके बाद लेम्बोर्गिनी बाइक के ऊपर ही चढ़ गई। वहीं, हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार को घेर लिया। हालांकि गुस्साई भीड़ को देखकर कारोबारी का बेटा कार के अंदर ही बैठा रहा लेकिन उसके बाउंसरों ने लोगों के साथ हंगामा किया और धक्का देकर लोगों को भगाने की कोशिश की।
घटना कानपुर के पॉश इलाके ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित रेव थ्री के पास की है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3.15 बजे VIP रोड पर आरोपी शिवम मिश्रा अपनी लेम्बोर्गिनी कार से तेज रफ्तार से जा रहा था। रेव-3 के पास कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े वाहन चालकों समेत 6 से ज्यादा लोगों को टक्कर मार दी। इस दौरान वो नशे में धुत बताया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुलेट को टक्कर मारने के बाद शिवम मिश्रा ने मौके से भागने की कोशिश की। इस दौरान उसकी कार बेकाबू होकर सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपी के बाउंसर लेम्बोर्गिनी के पीछे दूसरी कार में चल रहे थे। जब आक्रोशित लोगों ने कार के शीशे तोड़कर आरोपी शिवम को बाहर निकाले की कोशिश की, तो बाउंसरों ने लोगों के साथ अभद्रता शुरू कर दी, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस कार को थाने ले आई और शिवम मिश्रा व अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि बाउंसरों की हरकत से नाराज लोगों ने थाने में जमकर हंगामा किया और पुलिस से सख्त एक्शन लेने की गुहार लगाई।
मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण पुलिस मीडिया को खुलकर कुछ नहीं बता रही है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply