CricketIndia

फ्री पास पर ‘क्लीन बोल्ड’: रायपुर IPL में अब नेताओं-अफसरों को नहीं मिलेगी मुफ्त में एंट्री, सभी 65 हजार टिकट बिकेंगे

 

रायपुर : रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक धमाकेदार खबर आई है। इस बार आईपीएल मैचों के दौरान स्टेडियम में ‘मुफ्त की रेवड़ी’ बंटना बंद होने वाली है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एक ऐसा ‘बाउंसर’ मारा है जिससे वीआईपी कल्चर पूरी तरह ‘क्लीन बोल्ड’ हो गया है.अब तक जो नेता और अफसर अपनी रसूख के दम पर स्टेडियम की कुर्सियों पर फ्री में कब्जा जमाते थे, उन्हें इस बार बड़ा झटका लगा है.

सबके लिए एक ही नियम: टिकट लो और मैच देखो!

मैनेजमेंट ने साफ कर दिया है कि शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम की सभी 65 हजार सीटें सिर्फ और सिर्फ आम दर्शकों के लिए होंगी.अब तक होता यह था कि हजारों टिकट मुफ्त पास के रूप में नेताओं, अफसरों और उनके करीबियों की जेबों में चले जाते थे, जिससे आम क्रिकेट प्रेमी टिकट के लिए तरस जाता था। लेकिन इस बार आरसीबी ने ‘पारदर्शिता’ का ऐसा बल्ला घुमाया है कि कालाबाजारी और जुगाड़ की सारी फील्डिंग तहस-नहस हो गई है.

नेताओं और चेलों में छाई मायूसी

जहाँ असली क्रिकेट फैंस इस फैसले से गदगद हैं और सोशल मीडिया पर जश्न मना रहे हैं, वहीं ‘मुफ्तखोर’ लॉबी के चेहरे उतरे हुए हैं.हर साल जो लोग फोन घुमाकर ‘भाई साहब, दो पास का जुगाड़ कर देना’ कहते थे, उनके फोन अब आउट ऑफ रीच होने वाले हैं.मैनेजमेंट का यह फैसला उन लोगों के लिए एक कड़ा संदेश है जो सिस्टम का फायदा उठाकर असली फैंस का हक मारते थे.

जल्द शुरू होगी टिकटों की जंग

बताया जा रहा है कि टिकटों की बिक्री बहुत जल्द इंटरनेट और अधिकृत काउंटरों के जरिए शुरू कर दी जाएगी। इस बार मुकाबला सिर्फ कोहली या मैक्सवेल के छक्कों का नहीं होगा, बल्कि टिकट खिड़की पर अपनी जगह पक्की करने की भी एक बड़ी जंग देखने को मिलेगी.तो अपनी उंगलियां तैयार रखिए, क्योंकि इस बार मैदान में वही होगा जिसके पास वैध टिकट होगा.

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply