CrimeIndia

सुपौल में लूट की योजना बना रहे अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे, लोडेड देसी पिस्टल बरामद

सुपौल: पुलिस ने लूटपाट करने की योजना बना रहे एक अपराधी को देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने अपराधी के पास से देसी पिस्टल, पांच कारतूस और एक स्मार्टफोन बरामद किया है. इस दौरान चार अन्य अपराधी मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

मिली जानकारी के अनुसार डायल 112 की टीम को सूचना मिली कि दौलतपुर हटिया पुल के पास 5-6 लड़के आपस में मारपीट और हंगामा कर रहे हैं. सूचना मिलते ही 112 की टीम ने राघोपुर थाना के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस की गाड़ी देखते ही हंगामा कर रहे युवक भागने लगे. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर भाग रहे एक को दबोच लिया, जिसकी पहचान सुमन मंगरदैता उम्र 24 वर्ष, निवासी- दौलतपुर, वार्ड नंबर 05 के रूप में हुई है. पुलिस ने पकड़े गए युवक की तलाशी ली, तो उसकी कमर से पांच गोली लोडेड देसी पिस्टल, जेब से एक स्मार्टफोन बरामद हुआ.

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत भेज दिया. इधर आपको बता दें कि जिले में चैती नवरात्र व रामनवमी को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है, जगह-जगह वाहन चेकिंग अभियान व छापेमारी चला रही है. इतना ही नहीं पूजा को लेकर फ्लैग मार्च भी पुलिस कर रही है. थानाध्यक्ष का कहना है कि पर्व को लेकर शांति व्यवस्था बना रहे इसको लेकर पुलिस अभी से ही सतर्क है. फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाने के साथ-साथ शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की जा रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा गश्ती दलों को भी सक्रिय कर दिया गया है. सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है, ताकि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जा सके.

पुलिस प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आम जनता की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply