CrimeIndia

इटावा में फंदे पर लटका मिला युवक का शव, 5 साल के बेटे ने देखा; पत्नी से थी अनबन

इटावा: बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम बहेड़ा में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सबसे मार्मिक बात यह रही कि युवक को फंदे पर लटका हुआ सबसे पहले उसके पांच वर्षीय बेटे ने देखा. बच्चे के शोर मचाने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

जानकारी के अनुसार, ग्राम बहेड़ा निवासी राजमिस्त्री सत्यभान दोहरे के 30 वर्षीय बेटे अनुज दोहरे ने शुक्रवार शाम करीब चार बजे अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. कुछ देर बाद अनुज का पांच वर्षीय बेटा कमरे में पहुंचा तो उसने अपने पिता को फंदे से लटका देखा. यह दृश्य देखकर बच्चा जोर-जोर से रोने लगा और शोर मचाने लगा. बच्चे की आवाज सुनकर घर के अन्य लोग कमरे में पहुंचे तो सामने का नजारा देख सभी के होश उड़ गए.

बताया जाता है कि मृतक अनुज की शादी करीब सात वर्ष पहले पड़ोस के गांव लालपुर निवासी राजकिशोर दोहरे की बेटी अंजली से हुई थी. पिछले लगभग दो वर्षों से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी. इसी कारण अंजली अपने मायके में रह रही थी, जबकि उनका पांच वर्षीय बेटा पिता अनुज के साथ बहेड़ा गांव में ही रहता था.

ग्रामीणों के अनुसार पारिवारिक तनाव के चलते ही अनुज ने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा. हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी.

घटना की सूचना ग्राम प्रधान विजय प्रताप सिंह सेंगर को दी गई. ग्राम प्रधान ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी महेवा रजनीश कुमार तिवारी, थाना प्रभारी बकेवर विपिन मलिक और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply