नागौर : जिले के सुरपालिया थाने के कस्बा डेह में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 4 घंटे में पर्दाफाश कर दिया.एसपी रोशन मीणा के निर्देशन में पुलिस ने ट्वीट कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया.लूट का पूरा माल भी बरामद कर लिया गया है.
जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने डेह निवासी दिनेश जैन के घर में घुसकर उनकी पत्नी जसोदा को बंधक बना लिया.आरोपियों ने मारपीट कर अलमारी का ताला तोड़ा और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लूटकर फरार हो गए.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की मूवमेंट ट्रैक की.साथ ही फील्ड इंटेलिजेंस और तकनीकी अनुसंधान के जरिए आरोपियों की पहचान कर ली गई.
जिला पाली पुलिस के सहयोग से त्वरित घेराबंदी कर प्रिंस भारती (26) निवासी प्रयागराज और यश जैन (19) निवासी पाली को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया.पुलिस ने लूट का पूरा माल बरामद कर लिया, जिसमें करीब 10 तोला सोना, चांदी के आभूषण और 7890 रुपये नकद शामिल हैं.

गिरफ्तार आरोपी:
प्रिंस भारती (26) निवासी प्रयागराज (उ.प्र.) और यश जैन (19) निवासी पाली को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया.
बरामदगी:
सोने का हार, दो चूड़ियां, नाक की फीणी, अंगूठी सहित करीब 10 तोला सोना, चांदी की पायजेब, बिछिया, कंगन व अन्य आभूषण और 7890 रुपये नकद बरामद किए गए.
थानाधिकारी सुमन चौधरी ने बताया कि वारदात के तुरंत बाद टीम ने समन्वित तरीके से काम करते हुए हर एंगल पर जांच की.तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी और मुखबिर सूचना के आधार पर तेजी से कार्रवाई की गई, जिससे महज 4 घंटे में आरोपियों तक पहुंच संभव हो पाई.
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुमन चौधरी के साथ पुलिस टीम ने मुकेश कुमार वर्मा (थानाधिकारी जायल), गुमानाराम (सहायक उप निरीक्षक), भागीरथराम (सहायक उप निरीक्षक), कैलाशदान (सहायक उप निरीक्षक), रामचन्द्र (हेड कांस्टेबल), ओमप्रकाश (हेड कांस्टेबल), जगदीशचन्द्र, पन्नाराम, श्रवणकुमार और प्रेमराज (कांस्टेबल) की टीम शामिल रही, जिसमें श्रवण कुमार कांस्टेबल का विशेष योगदान रहा.



