IndiaUttar Pradesh

वेस्ट यूपी में घने कोहरे का प्रकोप, मेरठ में सबसे ठंडा दिन रहा शुक्रवार

वेस्ट यूपी में घने कोहरे का प्रकोप, मेरठ में सबसे ठंडा दिन रहा शुक्रवार

पश्चिम उत्तर प्रदेश में बढ़ती ठंड और कोहरे के बीच जनजीवन प्रभावित होता जा रहा है। शुक्रवार को भी सुबह से ही कोहरे ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। दृश्यता शून्य होने के चलते हाईवे पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। सीजन में शुक्रवार का दिन सबसे ठंडा दर्ज किया गया। वहीं बिजनौर में शनिवार को यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई समेत अन्य बोर्ड के कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे, सोमवार को खुलेंगे।

दिसंबर का आधा महीना बीत जाने के बाद ठंड ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू किया है। कोहरे, शीतलहर चलने के साथ दिन का तापमान भी तेजी से गिर रहा है, जिस कारण ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को सुबह से ही कोहरा छाया रहा और दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए।

शीतलहर चलने से शहरवासी ठिठुरते नजर आए। शहरवासी आग के सामने बैठकर ठंड से बचते नजर आए। सीजन में आज का दिन सबसे ठंडा रहा और तापमान लुढ़कर 18.2 डिग्री दर्ज किया गया। चौधरी चरण सिंह विवि की मौसम वेधशाला पर दिन का अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, एक्यूआई का स्तर भी हवा चलने से नीचे आ रहा है। मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 पर आ गया है। गंगानगर में एक्यूआई 203, जयभीम नगर में 302, पल्लवपुरम में 277, बेगमपुल पर 290, दिल्ली रोड पर 292 दर्ज किया गया।

रेंगते रहे वाहन
कोहरे से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। शुक्रवार को सुबह से ही घना कोहरा छा गया और दोपहर दो बजे तक कोहरे का असर दिखा। इसके बाद कोहरा छटा, लेकिन धूप नहीं निकली। दृश्यता शून्य रहने के चलते दोपहर 12 बजे तक भी वाहनों को हाईवे पर लाइट जलानी पड़ी और रफ्तार धीमी रही।

कोहरे में ये करें
– कोहरा होने पर किसान अपने ट्रैक्टर ट्रॉली व भैंसा बुग्गी पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाएं, ताकि पीछे आने वाले वाहनों को दिक्कत न हो।
– हो सके तो सफेद एलईडी लाइट का प्रयोग न करें, यह रोशनी सामने से आने वाले वाहन चालकों की देखने की क्षमता को खत्म कर देती है।
– कोहरे में हाईवे पर चलते हुए नियमों का पालन करें, गलत दिशा में वाहन न चलाएं।
– कोहरे में चलते हुए आगे चल रहे वाहन से उचित दूरी बनाकर रखें, ताकि अगले वाहन के ब्रेक लगाने पर समय से ब्रेक लगाकर बचा जा सके।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply