धौलपुर: जिले में बजरी माफिया का दुस्साहस रूकने का नाम नहीं ले रहा है. ताज़ा मामला धौलपुर जिले के सरमथुरा कस्बे के झिरी गांव का है, जहां बजरी माफियाओं ने ट्रैक्टर ट्रॉली से चंबल सेवर चौकी पर तैनात एक वनकर्मी को बुरी तरह कुचल दिया. इससे वनकर्मी का पैर बुरी तरह घायल हो गया. गंभीर चोट के चलते में घायल वनकर्मी को सरमथुरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत होने से चिकित्सकों ने उसे जयपुर हायर सेंटर रैफर कर दिया है.
घटना के बाद पुलिस प्रशासन आरोपियों की तलाश में जुट गया है. क्षेत्रीय वन अधिकारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया दिया है. जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार रात को चौकी से मात्र कुछ ही दूरी पर झिरी गांव में हुआ. जहां वन विभाग के झिरी नाका पर वनकर्मी जितेंद्र सिंह शेखावत अपनी ड्यूटी पर था.
देर रात अचानक उसकी तबीयत खराब होने से वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झिरी दवाई लेने जा रहा था. तभी वहां से गुजर रहे बजरी माफिया की ट्रैक्टर ट्राॅली ने वन कर्मी को टक्कर मारकर उसकी जांघ को कुचलते हुए फरार हो गया. इस घटना में वनकर्मी की जांघ बुरी तरह जख्मी हो गया. घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में उसका खून बिखर गया और वह बेहोशी की हालत में थे.
वन अधिकारी और पुलिस अब इस मामले की गहन जांच कर रहे हैं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बजरी माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. बजरी माफिया की चपेट में आये वन कर्मी जयपुर के रहने वाले हैं, जो पूर्व में आर्मी में भी रह चुके हैं ,बर्ष 2023 में उन्होंने वन विभाग में ज्वाइन किया था.



