बकेवर: परसूपुरा स्थित एक मैरिज होम में बीती रात प्रीतिभोज कार्यक्रम के दौरान गर्म खाने को लेकर बरातियों और घरातियों में विवाद हो गया. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दूल्हे प्रवीन कुशवाहा ने दुल्हन के मौसेरे भाई विक्की पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल विक्की को आगरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
इकदिल के मुरैथा निवासी सुभाष चंद्र कुशवाहा ने बकेवर थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी बेटी की शादी ऊसराहार के ग्राम हविलिया निवासी चंद्रभान कुशवाहा के बेटे प्रवीन कुशवाहा से तय हुई थी. 28 नवंबर की रात परसूपुरा स्थित संजय पैलेस गेस्ट हाउस में बरात पहुंची। द्वाराचार व स्वागत रस्में होने के बाद देर रात दूल्हे प्रवीन, उसके पिता चंद्रभान और भाई समेत कुछ बरातियों ने गर्म खाने को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया.
झगड़े के बीच जब दुल्हन का मौसेरा भाई विक्की बीच-बचाव करने आया तो दूल्हे प्रवीन ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और बराती बिना शादी की रस्में पूरी किए ही मैरिज होम से भाग निकले.
घायल विक्की को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर उसे आगरा रेफर कर दिया गया.
पीड़िता के पिता सुभाष चंद्र ने आरोप लगाया कि शादी तय करने के बाद उन्होंने दूल्हा पक्ष को सामान के साथ नकद रुपये भी दिए थे और अधिकांश खर्च वहन किया था। घटना के बाद दूल्हा पक्ष मौके से फरार हो गया.
थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर दूल्हा प्रवीन, उसके पिता चंद्रभान सहित पाँच बरातियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है.



