
नए साल 2025 की शुरुआत में अब कुछ ही घंटे बचे हैं और लोग अपनों से मिलने के साथ-साथ WhatsApp, SMS और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं भेज रहे हैं. लेकिन इन असली “Happy New Year” मैसेज के बीच साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं. पुलिस, साइबर सुरक्षा एजेंसियों और टेलीकॉम एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी है कि नए साल की बधाइयों के नाम पर भेजे जा रहे कई मैसेज असल में ठगी का जरिया हो सकते हैं.
क्या है ‘Happy New Year’ स्कैम
हर साल की तरह इस बार भी ठग त्योहारों और जश्न के माहौल का फायदा उठा रहे हैं. इस बार “Happy New Year” के नाम से SMS, WhatsApp और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिनका मकसद लोगों से किसी लिंक पर क्लिक करवाना या उनसे निजी जानकारी निकलवाना है. ये मैसेज देखने में बिल्कुल सामान्य और भरोसेमंद लगते हैं, जिससे लोग आसानी से फंस जाते हैं.
कैसे काम करता है यह स्कैम
सबसे पहले ठग बड़ी संख्या में “Happy New Year” के मैसेज भेजते हैं. ये मैसेज किसी अनजान नंबर से आ सकते हैं या फिर किसी हैक किए गए कॉन्टैक्ट के जरिए भी भेजे जाते हैं. इसके बाद मैसेज में एक लिंक, अटैचमेंट या नोटिफिकेशन दिया जाता है, जिसमें न्यू ईयर ग्रीटिंग कार्ड, कैशबैक, ऑफर या खास इनाम दिखाने का दावा किया जाता है. कई मामलों में मैसेज देखने के लिए नंबर वेरिफाई करने को भी कहा जाता है.
क्लिक करते ही कैसे बढ़ता है खतरा
जैसे ही यूजर उस लिंक पर क्लिक करता है, वह किसी फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाता है या उसे एक ऐप इंस्टॉल करने के लिए कहा जाता है. ये वेबसाइट और ऐप दिखने में बिल्कुल असली लगते हैं और फोन नंबर, ईमेल आईडी या लॉगिन डिटेल्स जैसी जानकारी मांगते हैं. कुछ एडवांस मामलों में बिना बताए कॉल या मैसेज फॉरवर्डिंग चालू कर दी जाती है, जिससे यूजर के कॉल और OTP सीधे स्कैमर तक पहुंचने लगते हैं.
अकाउंट टेकओवर और स्कैम का फैलाव
OTP और मैसेज मिलने के बाद ठग बैंकिंग ऐप्स, डिजिटल वॉलेट, ईमेल या WhatsApp अकाउंट पर कब्जा करने की कोशिश करते हैं. इसके बाद उसी हैक किए गए अकाउंट से और लोगों को “Happy New Year” स्कैम मैसेज भेजे जाते हैं. इस तरह यह ठगी भरोसेमंद नेटवर्क के जरिए तेजी से फैलती है.
मैसेज फॉरवर्ड करने से क्यों बढ़ता है खतरा
ऐसा मैसेज मिलना ही खतरे की घंटी है, लेकिन अगर आप उसे आगे फॉरवर्ड कर देते हैं तो आप भी अनजाने में इस स्कैम का हिस्सा बन जाते हैं. लोग अपने जान-पहचान वालों से आए मैसेज पर ज्यादा भरोसा करते हैं, इसलिए ग्रुप या पर्सनल चैट में आए लिंक पर जल्दी क्लिक कर लेते हैं. इससे ज्यादा लोग ठगी का शिकार हो सकते हैं और पहचान की चोरी या आर्थिक नुकसान का खतरा बढ़ जाता है.
स्कैम न्यू ईयर मैसेज की पहचान कैसे करें
अगर मैसेज में अनजान लिंक या शॉर्ट URL हो, अचानक कोई ग्रीटिंग कार्ड डाउनलोड करने को कहा जाए, तुरंत क्लिक करने या वेरिफाई करने का दबाव बनाया जाए, या इनाम और कैश रिवॉर्ड का लालच दिया जाए, तो सतर्क हो जाएं. कोई भी असली शुभकामना कभी बैंक डिटेल, लॉगिन जानकारी या OTP नहीं मांगती. भाषा की गलतियां, अजीब फॉर्मेट और बार-बार फॉरवर्ड करने की अपील भी स्कैम के संकेत हो सकते हैं.
सुरक्षित रहने के लिए क्या करें
किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अनजान नंबर को जवाब न दें. अगर मैसेज किसी परिचित से आया हो लेकिन अजीब लगे, तो कॉल करके कन्फर्म करें. अपनी निजी जानकारी, बैंक डिटेल और OTP कभी शेयर न करें. फोन में संदिग्ध कॉल फॉरवर्डिंग चेक करने के लिए *#21# डायल करें और अगर कोई अनजान नंबर दिखे तो तुरंत ##002# डायल कर फॉरवर्डिंग बंद कर दें.



