DelhiIndia

दिल्ली के रोहिणी में हॉर्न बजाने पर बारातियों ने DTC बस चालक को पीटा, अस्पताल में मौत, जांच में जुटी पुलिस

देश की राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां शनिवार देर रात एक बारात की ‘मौज-मस्ती’ एक DTC बस चालक की मौत का कारण बन गई. बारातियों ने सिर्फ हॉर्न बजाने की वजह से DTC के बस चालक को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर मौजूद लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर भागे, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर इलाज के दौरान उसकी जान चली गई. पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 27 वर्षीय विकास के रूप में हुई है.

मामला नॉर्थ वेस्ट दिल्ली जिले के रोहिणी का है, घटना शनिवार देर रात मेन रोड की है. यहां शादी के फंक्शन में बाराती डीजे की तेज आवाज में डांस करते हुए धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे. इस दौरान पीछे से आ रही बस के चालक विकास ने रास्ता मांगने के लिए हॉर्न बजाया.

बारातियों ने बस चालक को पीटा

हॉर्न बजाने से नाराज बाराती बस चालक से भिड़ गए और उन्होंने बस चालक को गालियां देनी शुरू कर दीं. इस तीखी नोंकझोंक के बीच, बस चालक ने माफी भी मांगी, लेकिन मामूली सी बात पर भड़के लगभग 15 से 20 बाराती देखते ही देखते बस चालक पर टूट पड़े और उसे जमकर पीटा.

जांच में जुटी पुलिस

इस बेरहम पिटाई से बस चालक विकास गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश होकर गिर पड़ा. इसके बाद बाराती उसे अधमरी हालत में छोड़कर आगे निकल गए. जब बारात आगे बढ़ गई, तो मौके पर मौजूद स्थानीय लोग चालक को लेकर अस्पताल भागे. लेकिन अस्पताल पहुंचने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply