
Image Source : FREEPIK
क्या आपको भी जरूरत से ज्यादा नींद आती रहती है? अगर हां, तो जरूरी नहीं है कि ये लक्षण मामूली हो। अब सवाल ये उठता है कि आखिर आपको ज्यादा नींद की समस्या का सामना किस वजह से करना पड़ रहा है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि विटामिन बी12 की कमी के कारण दिन भर नींद आने की समस्या पैदा हो सकती है। आइए पहले विटामिन बी12 के कुछ लक्षणों के बारे में जानकारी हासिल करते हैं और फिर इस विटामिन की कमी को दूर करने के तरीके के बारे में भी जानकारी हासिल करेंगे।
विटामिन बी12 की कमी के लक्षण- रात भर सोने के बाद भी दिन भर सुस्ती महसूस होना या फिर नींद आते रहना, इस तरह के लक्षण विटामिन बी12 की कमी के कारण महसूस हो सकते हैं। विटामिन बी12 की कमी की वजह से शरीर में ऊर्जा की कमी पैदा हो सकती है। इसका मतलब ये है कि हर समय थकान और कमजोरी महसूस होते रहना, विटामिन बी12 की कमी का संकेत साबित हो सकता है।
गौर करने वाली बात- हाथों और पैरों में सुई चुभने जैसी सनसनी महसूस होना या फिर सुन्नपन या झुनझुनी महसूस होना, इस तरह के लक्षण भी विटामिन बी12 की कमी की तरफ इशारा कर सकते हैं। इसके अलावा विटामिन बी12 की कमी के कारण चिड़चिड़ापन भी महसूस हो सकता है। क्या आपकी त्वचा का रंग पीला पड़ रहा है? अगर हां, तो आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ये लक्षण भी इस विटामिन की कमी का संकेत साबित हो सकता है।
कमी को दूर करने के लिए क्या करें- विटामिन बी12 की कमी को दूर करने के लिए डाइट प्लान में बदलाव करना बेहद जरूरी है। आप दूध, दही, पनीर और मक्खन जैसे डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन कर इस विटामिन की कमी को दूर किया जा सकता है। अगर आप मांसाहारी हैं, तो आप मछली, अंडे, मीट और सीफूड का सेवन कर सकते हैं। हालांकि, बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए आपको सही मात्रा में और सही तरीके से खाने-पीने की इन चीजों का सेवन करना चाहिए।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। Satya Report किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।



