CrimeIndia

डूंगरपुर: बिछीवाड़ा पुलिस और डीएसटी टीम ने जब्त की 81 कार्टन अवैध शराब, गुजरात तस्करी की योजना नाकाम

डूंगरपुर: जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला विशेष टीम (डीएसटी) और बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने सटीक मुखबिरी के आधार पर एक इनोवा गाड़ी से विभिन्न ब्रांडों की कुल 81 कार्टन अवैध शराब जब्त की है, जिसे तस्करी कर गुजरात ले जाया जा रहा था.
​नाकाबंदी के दौरान धराई शराब से भरी गाड़ी
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसटी टीम को जिले में अवैध शराब तस्करी पर लगाम लगाने हेतु सक्रिय किया गया था. इसी क्रम में टीम को गुप्त सूचना मिली कि बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के रास्ते एक लग्जरी गाड़ी में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर गुजरात सीमा पार कराने की तैयारी है. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने बिछीवाड़ा सर्कल के पालीसोडा तीन रास्ते पर कड़ा पहरा बैठाया. निगरानी के दौरान एक इनोवा गाड़ी आती दिखाई दी, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर रुकवाया.
​81 कार्टन शराब के साथ बाड़मेर का आरोपी गिरफ्तार
जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें विभिन्न ब्रांडों की अवैध शराब के 81 कार्टन बरामद हुए. पूछताछ के दौरान चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिसके बाद पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर लिया. मामले में आरोपी केसाराम उर्फ किशन सिंह जाट, निवासी पुलिस थाना चौहटन, जिला बाड़मेर को हिरासत में लिया गया है. आरोपी को वाहन सहित अग्रिम कार्रवाई के लिए बिछीवाड़ा थाने के सुपुर्द कर दिया गया है.
​पुलिस की अपील : तीसरी आँख पर दें सूचना
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा. प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तीसरी आँख मोबाइल/व्हाट्सएप नंबर 8690180022 पर साझा करें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा. इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में डीएसटी टीम के सदस्य मोहनपाल सिंह (हैड कांस्टेबल), मगन, आशीष, जितेन्द्र, गौरव, और जितेन्द्र (कांस्टेबल) के साथ बिछीवाड़ा थाने से गोविंद सिंह (हैड कांस्टेबल) मय जाप्ता शामिल रहे.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply