
लखनऊ। परिवहन निगम की बसों से सफर कुछ रूटों पर महंगा हो गया है। निगम ने एक से छह रुपये तक की वृद्धि कर दी है। माना जा रहा है कि टोल की दरों में वृद्धि के कारण निगम ने किराया बढ़ाया है। हालांकि यह बढ़ा हुआ किराया सभी रूटों पर लागू नहीं होगा।
आलमबाग से प्रयागराज जाने वाली बस का किराया 302 रुपये से बढ़कर 308 रुपये प्रति यात्री हो गया है। इसी तरह वाराणसी का किराया 473 की जगह 476 रुपये, कैसरबाग डिपो से बहराइच का किराया 192 के स्थान पर 193 रुपये, कैसरबाग से गोरखपुर का किराया 435 की जगह 437 रुपये, कैसरबाग से दिल्ली का किराया 776 की जगह 781 रुपये हो गया है।
हालांकि कैसरबाग से हरदोई, आलमबाग से आजमगढ़, गोरखपुर , आगरा और कौशांबी के लिए किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। परिवहन निगम लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया कि टोल की दरें बढ़ने के कारण कुछ रूटों की बसों का किराया बढ़ाया गया है।



