CrimeIndia

फतेहपुर: पति-पत्नी के विवाद में कूदा दबंग पड़ोसी, महिला पर चलाई गोली; हालत नाजुक

फतेहपुर: जनपद के चांदपुर थाना क्षेत्र के सीकरी गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दबंग पड़ोसी ने मामूली विवाद के बीच महिला पर गोली चला दी. गोली महिला के जबड़े में जा धंसी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी. गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, गांव में पति-पत्नी के बीच आपसी कहासुनी चल रही थी. इसी दौरान पड़ोसी भीम यादव अचानक मौके पर पहुंच गया और विवाद में दखल देते हुए आपा खो बैठा. देखते ही देखते उसने अवैध तमंचा निकालकर महिला पर फायर झोंक दिया. गोली सीधे महिला के जबड़े में जा लगी और मौके पर चीख-पुकार मच गई.

गुस्साए लोगों ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया. गुस्साए लोगों ने आरोपी भीम यादव को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसके हाथ में मौजूद अवैध असलहे सहित उसे एक कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही चांदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आरोपी को हिरासत में ले लिया.

आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले में जुटी पुलिस

वहीं घायल महिला को आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार में जुटे हैं. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply