CrimeIndia

सुपौल: इंडो-नेपाल बॉर्डर पर नशे में धुत पांच सरकारी शिक्षक गिरफ्तार, शैक्षणिक परिभ्रमण के तहत बच्चों को ले गए थे नेपाल

सुपौल: इंडो-नेपाल बॉर्डर स्थित भीमनगर चेकपोस्ट पर मद्य निषेध विभाग की टीम ने नियमित जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब के नशे में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार सभी पांच लोग सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक बताए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन शिक्षकों पर बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी है, उन्हीं के द्वारा इस तरह की लापरवाही बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है.

सूत्रों के अनुसार मद्य निषेध टीम बॉर्डर पर सघन जांच कर रही थी. इसी दौरान नेपाल से लौट रहे पांच संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर जांच की गई. उनके व्यवहार में असामान्यता देखी गई, जिसके बाद ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई. जांच में सभी पांचों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई. गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान मधेपुरा और खगड़िया जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासियों के रूप में हुई है. इनमें इंग्लिश कुमार और धीरेन्द्र कुमार सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि अन्य भी शिक्षा से जुड़े बताए जा रहे हैं.

जानकारी के अनुसार ये सभी शिक्षक छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण पर नेपाल ले गए थे. आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने शराब का सेवन किया और लौटते समय चेकपोस्ट पर पकड़ लिए गए. इस बाबत मद्य निषेध इंस्पेक्टर संजय प्रियदर्शी ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, जिसके तहत शराब का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित है.

सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इधर, डीएम सावन कुमार ने कहा कि आरोपित शिक्षकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी और उनके निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल कानून के उल्लंघन को दर्शाती है, बल्कि समाज में शिक्षकों की जिम्मेदारी और आचरण पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply