सहारनपुर: दिल्ली रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर काम करने वाले एक युवक ने भाजपा का झंडा लगी स्कॉर्पियो सवार लोगों पर मारपीट, गाली-गलौच और जबरन उठाने का मामला सामने आया है. पीड़ित का आरोप है कि इस गाड़ी में पूर्व विधायक नरेश सैनी थे. पूरी घटना CCTV में कैद हो गई है. दावा है कि पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है. पीड़ित ने थाना सदर बाजार में तहरीर दी है.
गांव कुरड़ी भगवानपुर के रहने वाले ऋतिक ने थाना सदर बाजार में तहरीर देकर बताया कि वह पिछले एक माह से दिल्ली रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर कार्यरत है. पीड़ित के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 10 बजे, वो पेट्रोल-डीजल भरने का काम कर रहा था, तभी एक व्हाइट कलर स्कॉर्पियो, जिस पर भाजपा का झंडा लगा था, पेट्रोल पंप पर आकर रुकी.
रितिक के अनुसार, स्कॉर्पियो से उतरे चार-पांच युवकों ने अचानक उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी. आरोप है कि गाड़ी से पूर्व विधायक नरेश सैनी भी थे और गुस्से से गाड़ी से उतरे. पहले पूर्व विधायक ने थप्पड़ मारा और उसके बाद युवक पर सभी टूट पड़े. उन्होंने मारपीट की. आरोप है कि आरोपियों ने कहा–तेरी इतनी औकात नहीं कि तू भाजपा वालों से कुछ बोल सके. इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई और बेरहमी से मारपीट की.
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी उसे जबरन स्कॉर्पियो में डालने की कोशिश करते रहे और धमकी दी कि आज तुझे उसी जाम से बाहर निकालेंगे. घटना के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो चुकी है, जिसे सबूत के तौर पर देखा जा सकता है. रितिक ने पुलिस से मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. लेकिन अभी तक पीड़ित का मुकदमा नहीं लिखा गया है.
पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मचारियों बताया कि एक युवक स्कूटी पर तेल डलवाने के आया था. जिसने 455 रुपए का तेल फीड करने को कहा. तेल डाल दिया. लेकिन वो कम तेल डालने का आरोप लगा रहा था. जिसके बाद उसने कॉल की और कुछ लोगों को बुला लिया. जिसके बाद मारपीट की गई और जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण करने का आरोप लगाया.
पूर्व विधायक बोले–भांजे की गाड़ी में डाला था कम पेट्रोल
पूर्व विधायक एवं भाजपा नरेश सैनी ने बताया कि 31 दिसंबर की सुबह को मेरा भांजा अपनी स्कूटी में तेल डलवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंचा था. उसने 455 का तेल फीड करने को कहा था. लेकिन कर्मचारी ने पैसा फीड नहीं किया. आरोप लगाया कि उसने पूरा तेल नहीं डाला और एक बोतल में चोरी से तेल डाल लिया, जिस पर दोनों में बहस हुई.
आरोप है कि कर्मचारियों ने उसकी स्कूटी की चाबी निकाल ली और मारपीट की. पूर्व विधायक ने बताया कि भांजे ने फोन किया. जिसके बाद मैं वहां पहुंचा, लेकिन उसके बाद भी वहां का स्टाफ और मालिक बदतमीजी करने लगे. इसके बाद मारपीट भी शुरू की. पूर्व विधायक का कहना है कि उनके साथ भी मारपीट की गई है जिस कारण उनके हाथ में फैक्चर आया है.
पूर्व विधायक का कहना है कि वह कर्मचारियों को गाड़ी में इसलिए बैठा रहे थे उसको लेकर थाने आ रहे थे, लेकिन जब उसने अपनी पढ़ाई का हवाला दिया तो उन्होंने उसे छोड़ दिया.



