IndiaUttar Pradesh

देशभर में साइबर ठगी करने में शामिल गिरोह का भंडाफोड़, 12 गिरफ्तार

अलीगढ़ साइबर पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर देश भर में साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। उत्तर प्रदेश सहित छह राज्यों से उसके कथित 12 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि गिरोह के विदेश से भी संबंध होने के संकेत मिले हैं।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अमृत जैन ने कहा कि आरोपियों को पिछले 24 घंटों में ओडिशा, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। गिरोह देशभर में व्हाटसऐप ग्रुप के जरिए शेयर बाजार में निवेश के नाम पर साइबर ठगी करने में संलिप्त था।
जैन ने कहा कि दूरसंचार मंत्रालय के साथ समन्वय कर अलीगढ़ पुलिस के साइबर अपराध प्रकोष्ठ ने लगभग 600 व्हाटसऐप ग्रुप की पहचान की, जिनका इस्तेमाल देश भर के निवेशकों को प्रलोभन देने और ठगी करने में होता था। पुलिस ने दावा किया कि समय पर कार्रवाई से लगभग 500 करोड़ रुपये के अनुमानित धोखाधड़ी को रोकने में मदद मिली, जिससे देश भर में 1.5 लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हो सकते थे।
एसपी ने कहा कि यह मामला तब सामने आया जब पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त प्रबंधक दिनेश शर्मा ने 31 जनवरी को साइबर अपराध प्रकोष्ठ से संपर्क किया और व्हाटसऐप ग्रुप-आधारित निवेश योजना के जरिये 11 लाख रुपये की ठगी की शिकायत की। पुलिस के मुताबिक, शर्मा को कथित तौर पर हर हफ्ते 40 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का प्रलोभन दिया गया था।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए साइबर अपराध प्रकोष्ठ शर्मा से ठगे गए 5.64 लाख रुपये वापस पाने में सफल रही और जांच के दौरान एक बड़े गिरोह के शामिल होने की जानकारी मिली। साइबर अपराध प्रकोष्ठ विदेश से काम कर रहे सरगना का पता लगाने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और इंटरपोल से मदद मांगेगी। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply