CricketIndia

खतरे में गौतम गंभीर की नौकरी… टेस्ट कोच की तलाश शुरू, BCCI ने किसे दिया ऑफर?


Indian Cricket Team: भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट फॉर्मेट में खराब प्रदर्शन से फैंस ही नहीं बल्कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) भी परेशान चल रहा है. एक साल में दो घरेलू सीरीज में क्लीन स्वीप ने मौजूदा कोच गौतम गंभीर के लिए खतरे की घंटी बजा दी है. न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 से शिकस्त के बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा. गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया ने होमग्राउंड पर सिर्फ बांग्लादेश और वेस्टइंडीज जैसी अपेक्षाकृत कमजोर टीम को टेस्ट सीरीज में हराया है.

लक्ष्मण से किया गया संपर्क
अब खबर आई है कि बीसीसीआई टेस्ट टीम के प्रदर्शन से चिंतित है. यहां तक कि उसने टेस्ट फॉर्मेट में अलग कोच की तलाश भी शुरू कर दी है. ऐसे में गंभीर की कम से कम एक फॉर्मेट में नौकरी तो खतरे में है. सफेद गेंद के कोच के तौर पर गंभीर का रिकॉर्ड शानदार है. टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप पर कब्जा किया. इसके बावजूद टेस्ट में उनके प्रदर्शन की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है. फैंस इस फॉर्मेट में टीम के दबदबे में कमी से हैरान हैं. उनकी कोचिंग में भारत ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज हारा था. उसके बाद इंग्लैंड सीरीज बराबरी पर रही थी.

कोच बनेंगे लक्ष्मण?
ऐसा माना जा रहा है कि पिछले महीने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत के बुरी तरह हारने के ठीक बाद बोर्ड में से किसी अहम सदस्य ने वीवीएस लक्ष्मण से संपर्क किया था. उनसे टेस्ट में टीम को कोचिंग देने के बारे में पूछा था. हालांकि, यह पता चला है कि महान बल्लेबाज लक्ष्मण बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ‘हेड ऑफ क्रिकेट’ बनकर खुश हैं. वह अभी कोच बनने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं.

टी20 वर्ल्ड कप में गंभीर की परीक्षा
बीसीसीआई के साथ गंभीर का कॉन्ट्रैक्ट 2027 वनडे वर्ल्ड कप के आखिर तक है, लेकिन इस बात की पूरी संभावना है कि पांच हफ्ते में शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में भारत के प्रदर्शन के आधार पर इस पर फिर से विचार किया जा सकता है. माना जा रहा है कि बीसीसीआई के गलियारों में अभी भी इस बात पर फैसला नहीं हुआ है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 साइकल के बाकी नौ टेस्ट मैचों के लिए रेड बॉल टीम की कमान संभालने के लिए गंभीर सही व्यक्ति हैं या नहीं.

ड्रेसिंग रूम के माहौल पर सवाल
आजकल भारतीय ड्रेसिंग रूम में एक कन्फ्यूज्ड माहौल है. इसमें बहुत से खिलाड़ी गंभीर के राज में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं, जबकि राहुल द्रविड़ के समय में रोल तय थे. द्रविड़ के तीन साल के कार्यकाल में खिलाड़ियों को भी अपनी काबिलियत साबित करने का लंबा मौका मिला. शुभमन गिल को टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर करने पर गंभीर की छाप साफ दिखी और इससे निश्चित रूप से बहुत से खिलाड़ियों को यह विश्वास हो गया है कि अगर इंडियन क्रिकेट के अगले पोस्टर बॉय को किनारे किया जा सकता है, तो अगली बार बाहर होने वाले किसी भी खिलाड़ी का नाम हो सकता है.

अगले दो महीने ‘गुरु गंभीर’ के लिए दिलचस्प
जब पॉलिसी से जुड़े फैसले लेने की बात आती है तो बीसीसीआई हमेशा समय का इंतजार करता है और अगर कैलेंडर देखें, तो T20 वर्ल्ड कप के बाद दो महीने इंडियन प्रीमियर लीग होगी. इस दौरान टी20 वर्ल्ड कप में भारत के प्रदर्शन की समीक्षा होगी. उसी दौरान सफेद और रेड गेंद के फॉर्मेट में अलग-अलग कोचों को लेकर चर्चा होगी. कुल मिलाकर अगले दो महीने ‘गुरु गंभीर’ के लिए बहुत दिलचस्प होंगे.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply