Goa Fire Tragedy : पणजी। गोवा में नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत के बाद भारत से भागे उसके मालिकों सौरभ लूथरा और उसके भाई गौरव लूथरा को थाईलैंड पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नाइटक्लब के सह-मालिकों को भारत सरकार के अनुरोध पर हिरासत में लिया गया है। दोनों के खिलाफ इंटरपोल का ‘ब्लू कॉर्नर नोटिस’ जारी किया गया था।

वरिष्ठ अधिकारियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को पुष्टि की है कि दोनों आरोपियों को थाईलैंड के फुकेट में हिरासत में लिया गया है और उन्हें भारत लाने की प्रक्रिया जारी है।अधिकारियों के अनुसार, दोनों ने छह दिसंबर की देर रात को एक बजकर 17 मिनट पर एक यात्रा पोर्टल के माध्यम से फुकेट के लिए अपनी टिकटें बुक की थीं। उन्होंने उत्तरी गोवा के अरपोरा में स्थित उनके नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में लगी भीषण आग के बारे में पता चलने के एक घंटे के भीतर टिकटें बुक कर ली थी।

जिस समय पुलिस और प्रशासन आग बुझाने तथा कर्मचारियों को बचाने की कोशिश कर रहे थे, उसी दौरान ये दोनों रविवार तड़के इंडिगो की एक उड़ान से भारत से रवाना हो गए। गोवा पुलिस ने उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से संपर्क किया था।
गोवा लाने के लिए प्रक्रिया तेज
थाईलैंड से हिरासत में लिए गए गोवा के चर्चित नाइटक्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा को लेकर अब भारत में प्रशासनिक हलचल और तेज हो गई है। खबरों के मुताबिक, गोवा सरकार किसी भी समय हाई लेवल मीटिंग बुला सकती है, जिसमें राज्य के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। यह बैठक लूथरा ब्रदर्स के डिपोर्टेशन और भारत लाए जाने के बाद की गिरफ्तारी रणनीति पर केंद्रित होगी।
The post Goa Fire Tragedy : नाइटक्लब के मालिकों सौरभ और गौरव लूथरा को थाईलैंड में हिरासत में लिया गया, गोवा लाने की प्रक्रिया हुई तेज appeared first on Jago India Jago.



