
Image Source : YOUTUBE – @GARDENING IDEAS
आजकल किचन गार्डनिंग का चलन तेजी से बढ़ रहा है। लोग ताजी और ऑर्गेनिक सब्जियां घर पर ही उगाना पसंद कर रहे हैं, लेकिन जगह की कमी अक्सर सबसे बड़ी समस्या बन जाती है। ऐसे में अगर आप एक ही गमले में दो जरूरी चीजें धनिया और मिर्च—उगा लें, तो यह न सिर्फ जगह की बचत करेगा बल्कि आपकी किचन की जरूरतें भी आसानी से पूरी करेगा। सही तरीके से देखभाल करने पर ये पौधे बहुत जल्दी बढ़ते हैं और कुछ ही दिनों में हरे-भरे नजर आने लगते हैं।
एक ही गमले में कैसे उगाएं धनिया और मिर्च?
-
सही गमले का चुनाव: सबसे पहले सही गमले का चुनाव करना जरूरी है। इसके लिए कम से कम 10 से 12 इंच गहरा और चौड़ा गमला लें, जिसमें पानी निकास के लिए छेद जरूर हो। इसके बाद मिट्टी तैयार करें। अच्छी ग्रोथ के लिए 50 प्रतिशत गार्डन सॉइल, 30 प्रतिशत कंपोस्ट या गोबर खाद और 20 प्रतिशत रेत या कोकोपीट मिलाकर एक अच्छा मिश्रण तैयार करें। यह मिश्रण पौधों को जरूरी पोषण देगा और पानी का संतुलन बनाए रखेगा।
-
बीज तैयार : अब बीज तैयार करने की बारी आती है। धनिया के बीज को हल्का कुचलकर दो भागों में कर लें, इससे वे जल्दी अंकुरित होते हैं। वहीं मिर्च के बीज को सीधे इस्तेमाल किया जा सकता है। गमले में बीज बोते समय ध्यान रखें कि धनिया को एक तरफ छिड़कें और मिर्च के बीज को दूसरी तरफ थोड़ी दूरी बनाकर लगाएं। इसके बाद ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें।
-
पानी दें: बीज बोने के बाद हल्के हाथ से पानी दें। ध्यान रखें कि मिट्टी हमेशा नम रहे, लेकिन उसमें ज्यादा पानी जमा न हो। गमले को ऐसी जगह रखें जहां रोजाना 4 से 6 घंटे की धूप मिल सके, क्योंकि दोनों ही पौधों की अच्छी ग्रोथ के लिए धूप बहुत जरूरी होती है।करीब 15 दिन बाद आप इसमें थोड़ी ऑर्गेनिक खाद भी डाल सकते हैं। साथ ही, सूखी या खराब पत्तियों को समय-समय पर हटाते रहें, ताकि पौधे स्वस्थ बने रहें।
अगर सही तरीके से देखभाल की जाए, तो धनिया के बीज 7 से 10 दिनों में अंकुरित होने लगते हैं, जबकि मिर्च के पौधे 10 से 15 दिनों में दिखने लगते हैं। धनिया जल्दी तैयार हो जाता है, वहीं मिर्च का पौधा थोड़ा समय लेता है, लेकिन दोनों मिलकर आपके किचन गार्डन को हरा-भरा बना देते हैं।



