CrimeIndia

उत्तर प्रदेश: ऊसराहार में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग, एक गिरफ्तार, एक युवक गंभीर रूप से घायल

इटावा: ऊसराहार थाना क्षेत्र के एक मैरिज होम में शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया जब बारात चढ़ते समय हर्ष फायरिंग से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना सुमित कुमार कश्यप पुत्र कृष्णपाल निवासी ऊसराहार की शादी के दौरान हुई.

शादी में शामिल होने आए शेष कुमार यादव पुत्र तेजपाल यादव, निवासी ग्राम बलीपुर थाना नगला खंगर, जनपद फिरोजाबाद, हाल निवासी जनता कॉलोनी सब्ज़ी मंडी के पीछे थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, उम्र 43 वर्ष, जो वर्तमान में बीएसएफ, जैसलमेर (राजस्थान) में तैनात है, ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग की.

फायरिंग के दौरान चली गोली वहीं मौजूद पुष्कर गुप्ता पुत्र अवधेश कुमार गुप्ता, निवासी ऊसराहार (उम्र 27 वर्ष) के पेट में जा लगी. घायल को परिजन तत्काल सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा के पुष्पांजलि अस्पताल रेफर किया गया, जहां वह उपचाराधीन है.

सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी शेष कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया तथा उसकी लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस बरामद कर लिए, जो जम्मू-कश्मीर में निर्मित बताई जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी असलहा धारकों से अपील की है कि “शस्त्र सुरक्षा के लिए हैं, शक्ति प्रदर्शन के लिए नहीं.” उन्होंने चेतावनी दी कि शक्ति प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply