मैहर : अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती, वार्ड क्रमांक-10 में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक 22 वर्षीय युवक का शव उसके ही कच्चे मकान के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला.मृतक की पहचान निखिल विश्वकर्मा (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पुणे में रहकर मजदूरी का काम करता था और करीब दो माह पहले ही मैहर लौटा था.
सुबह परिजनों ने देखा शव, मचा हड़कंप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जब परिजन निखिल को जगाने पहुंचे तो वह कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला.यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। तत्काल इसकी सूचना डायल-112 और अमरपाटन थाना पुलिस को दी गई.
मौके पर पहुंची पुलिस, शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम एवं अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को फंदे से उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
पुणे में करता था काम, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर
बताया गया है कि मृतक निखिल विश्वकर्मा पुणे में रहकर मजदूरी करता था। करीब दो माह पहले ही वह अपने गृह नगर अमरपाटन लौटा था.निखिल की मां घर-घर जाकर मजदूरी का काम करती हैं.परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य नहीं बताई जा रही है.फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है.
टीआई का बयान – जांच के बाद होगा खुलासा
इस संबंध में अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि,“युवक के शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया गया है.आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है.परिजनों और आसपास के लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
क्षेत्र में शोक का माहौल
युवक की आत्महत्या की खबर से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है.परिजन सदमे में हैं और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.



