IndiaUttar Pradesh

यूपी के कई जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट, धुंध और प्रदूषण से मिलेगी राहत


Lucknow Weather Alert: लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में पिछले कई दिनों से छाई धुंध और कोहरे से शुक्रवार को काफी हद तक राहत मिली. जैसे ही धुंध छंटी, दिन में तेज धूप और गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा. वहीं मौसम विभाग ने जल्द ही लखनऊ समेत यूपी के कई जिलों में बारिश के संकेत दिये हैं. आइये जानते हैं कैसा रहने वाला है मौसम का मिजाज.

उत्तर प्रदेश का मौसम: सबसे गर्म जिला
मौसम विभाग के अनुसार बुंदेलखंड क्षेत्र में गर्मी सबसे ज्यादा महसूस की जा रही है. गुरुवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके अलावा झांसी में 38 डिग्री से अधिक, आगरा में करीब 38 डिग्री, उरई और हमीरपुर में भी तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. तेज धूप के कारण दोपहर के समय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

धुंध से मिलने वाली है राहत
शुक्रवार सुबह कई शहरों में हल्की धुंध भी देखने को मिली, जिससे कुछ स्थानों पर दृश्यता कम हो गई थी. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक यह स्थिति रेडिएशन फॉग के कारण बनती है, जब रात में तापमान कम और हवा में नमी अधिक होती है. हालांकि शनिवार से धुंध में और कमी आने की संभावना है.

बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसकी वजह से दो दिन बाद मौसम में बड़ा बदलाव होने के संकेत हैं. IMD ने 15 और 16 मार्च को लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है.

लखनऊ का मौसम
वहीं दिन के साथ अब रात का तापमान भी पहले की अपेक्षा ज्यादा बढ़ने लगा है. IMD की वेबसाइट के मुताबिक शनिवार 14 मार्च को लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान तो शुक्रवार की तरह 35 डिग्री के आसपास ही रहेगा, मगर 2 डिग्री की वृद्धि के साथ रात का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री तक जा सकता है.

यूपी के अन्य शहरों का तापमान
वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो नजीबाबाद प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां रात का तापमान करीब 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा फुरसतगंज और कानपुर में लगभग 16 से 17 डिग्री के आसपास न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. सुबह और देर रात हल्की ठंडक अभी भी महसूस हो रही है, लेकिन दिन में तेज धूप के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply