
Varun Dhawan, Diljit Dosanjh And Ahan Shetty Border 2: सनी देओल की वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म न सिर्फ दर्शकों को पसंद आ रही है, बल्कि इसकी स्टारकास्ट और दमदार परफॉर्मेंस की भी जमकर तारीफ हो रही है। अब फिल्म के प्रोड्यूसर और टी-सीरीज के प्रमुख भूषण कुमार ने ‘बॉर्डर 2’ की कास्टिंग को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा की हैं।
भूषण कुमार ने बताया कि इस ब्लॉकबस्टर सीक्वल के लिए सही कलाकारों का चयन उनके लिए सबसे अहम था। उन्होंने साफ कहा कि ‘बॉर्डर 2’ की कल्पना सनी देओल के बिना की ही नहीं जा सकती थी। भूषण के मुताबिक, सनी पाजी के बिना ‘बॉर्डर’ अधूरी है। हम सबसे पहले उनके पास गए और उन्होंने बिना किसी हिचक के तुरंत हामी भर दी। उन्होंने कहा कि वह यह फिल्म जरूर करेंगे।
फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों का किरदार
फिल्म में दिलजीत दोसांझ को फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों के किरदार में देखा गया है, जो 1971 के युद्ध के असली हीरो थे। भूषण कुमार ने बताया कि निर्देशक अनुराग सिंह शुरू से ही दिलजीत को इस भूमिका में देखना चाहते थे। जब दिलजीत से बातचीत हुई, तो वह इस ऐतिहासिक और सम्मानजनक किरदार को निभाने के लिए बेहद उत्साहित नजर आए और उन्होंने तुरंत हामी भर दी।
मेजर होशियार सिंह दहिया का रोल
वरुण धवन को फिल्म में मेजर होशियार सिंह दहिया का रोल निभाते हुए देखा गया है। भूषण कुमार ने माना कि शुरुआत में वरुण को लेकर उनके मन में थोड़ी दुविधा थी, लेकिन शूटिंग के दौरान उनका परफॉर्मेंस देखकर वह पूरी तरह से प्रभावित हो गए। भूषण ने कहा, “वरुण का यह अब तक का सबसे दमदार परफॉर्मेंस है। उन्होंने खुद भी माना है कि यह उनके करियर के बेहतरीन किरदारों में से एक है।”
ये भी पढ़ें- अनुपमा ने रजनी के पापों का घड़ा भरा, जेल में सड़ने को मजबूर होगी अब, कोर्ट में होगा बड़ा खुलासा
लेफ्टिनेंट कमांडर महेंद्र सिंह रावत की भूमिका
वहीं, फिल्म में सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी को लेफ्टिनेंट कमांडर महेंद्र सिंह रावत की भूमिका में कास्ट किया गया। भूषण कुमार ने अहान की तारीफ करते हुए कहा कि यह उनकी दूसरी फिल्म है, लेकिन उन्होंने बेहद परिपक्व और प्रभावशाली अभिनय किया है। सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी के साथ-साथ फिल्म में मोना सिंह, सोनम बाजवा, अन्या सिंह और मेधा राणा भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं।



