डीडवाना-कुचामन : जिले की मारोठ थाना पुलिस ने दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महेन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.आरोपी पर पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने के साथ उसकी अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप है.
जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 को पीड़िता ने मारोठ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई.उसने बताया कि करीब 9-10 महीने पहले महेन्द्र कुमार ने उसे डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया और उस दौरान अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए.इसके बाद आरोपी लगातार फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक शोषण करता रहा.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी को थाने के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल किया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने फील्ड इंटेलिजेंस, आसूचना संकलन और संदिग्ध स्थानों के CCTV फुटेज खंगालकर तकनीकी सहायता से आरोपी को डिटेन किया और बाद में गिरफ्तार कर लिया.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह और वृताधिकारी मुकेश चौधरी के सुपरविजन में की गई. पूरी कार्रवाई का नेतृत्व थानाधिकारी महावीर प्रसाद ने किया.
पुलिस टीम में उप निरीक्षक महावीर प्रसाद के साथ हेड कांस्टेबल राजेन्द्र और कांस्टेबल राजीव कुमार शामिल रहे, जिसमें हेड कांस्टेबल राजेन्द्र की विशेष भूमिका रही.
गिरफ्तार आरोपी महेन्द्र कुमार, भंवरलाल का पुत्र, निवासी हेमपुरा, पुलिस थाना नांवा शहर क्षेत्र का रहने वाला है.पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.



