धमतरी : जिले के करेलीबड़ी क्षेत्र में रविवार को एक युवक द्वारा मुख्य मार्ग पर चाकू लहराने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया.बताया जा रहा है कि युवक राहगीरों को डरा-धमका रहा था, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
मिली जानकारी के अनुसार, मजराटोला स्थित बिजली ऑफिस के पास एक युवक धारदार चाकू लेकर खड़ा था और आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा था.सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया.
पकड़े गए युवक ने अपना नाम संजय साहू (20 वर्ष), निवासी करेलीबड़ी बताया.उसके पास से लगभग 12 इंच लंबा स्टील का चाकू बरामद किया गया.आरोपी के पास इस हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.



