रीवा : सगरा थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहाँ एक नशेड़ी पति ने पारिवारिक कलह के चलते अपनी पत्नी की नृशंस हत्या कर दी.दिल दहला देने वाली बात यह है कि इस पूरी वारदात को आरोपी ने अपनी तीन मासूम बेटियों के सामने अंजाम दिया. घटना के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में सगरा पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
जानकारी के अनुसार, सगरा निवासी दीपक मिश्रा और उसकी पत्नी शिखा मिश्रा (30) के बीच पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी.विवाद का मुख्य कारण दीपक की शराब पीने की लत थी.मंगलवार रात जब दीपक नशे में धुत होकर घर पहुँचा, तो पत्नी ने विरोध किया.इसी बात पर आवेश में आकर दीपक ने पहले शिखा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले किए और फिर घर में रखे हँसिए से उसका गला रेत दिया.
जिस समय दीपक अपनी पत्नी पर हमला कर रहा था, उसकी तीन छोटी बेटियाँ कमरे में ही मौजूद थीं। मासूम बच्चियाँ अपनी माँ को बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रहीं, लेकिन खून सवार पति पर इसका कोई असर नहीं हुआ.बच्चियों ने अपनी आँखों से पिता को ‘जल्लाद’ बनते देखा.वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला.पड़ोसियों की मदद से घायल शिखा को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही सगरा थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा दल-बल के साथ मौके पर पहुँचीं.पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से खून से सने हथियार चाकू और हँसिया बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने डरी-सहमी बच्चियों से भी बात. की है, जो इस मामले की मुख्य चश्मदीद गवाह हैं.



