
लखनऊ: प्रदेश में लगातार तीसरे दिन भी कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे कुछ जिलों में विजिबिलिटी शून्य हो गई. मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले तीन दिन तक घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही हिमालयन क्षेत्र पर पश्चिमी विक्षोभ के असर से बर्फबारी होने की संभावना बनी हुई है.
इससे पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं उत्तर प्रदेश में और अधिक ठंडक बढ़ाएंगी. पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से उत्तर प्रदेश में हवा के रूख में परिवर्तन हुआ है. कुछ स्थानों पर बादलों की भी आवाजाही है, जिसके चलते तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है.
यूपी के 30 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट: मौसम विभाग ने आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बरेली, पीलीभीत, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं समेत 30 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है.
तराई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंडक: उत्तर प्रदेश के तराई वाले इलाकों में सुबह व शाम के समय घना कोहरा पड़ने के साथ ही कड़ाके की ठंडक जारी है. सुबह-शाम जगह-जगह अलाव जलाकर लोग ठंड को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं. घने कोहरे के कारण यहां का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.
लखनऊ का मौसम: लखनऊ में पिछले दो दिन से लगातार घना कोहरा जारी है. शुक्रवार सुबह कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, दिन में तेज धूप निकली. सुबह-शाम कड़ाके की ठंडक पड़ रही है. दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना बना हुआ है. अधिकतम तापमान 25 डिग्री न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को लखनऊ में सुबह-शाम कोहरा छाया रहेगा. दिन में आसमान साफ रहेंगे. अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. शनिवार को सुबह लखनऊ के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है. विजिबिलिटी 200 मीटर तक हो गई है.
कानपुर सबसे ठंडा: उत्तर प्रदेश का कानपुर नगर शुक्रवार को सबसे ठंडा जिला रहा, यहां पर न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. सबसे अधिक तापमान झांसी जिले में 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
यूपी का मौसम: मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि हिमालयी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ तथा प्रदेश में पुरवा हवाओं तथा कुछ जगहों पर बादलों की आवाजाही के कारण आगामी 4 दिन तक न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. इस दौरान पूर्वांचल के उत्तरी जिलों में तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तराई इलाकों में घने कोहरे का दौर बिना किसी विशेष परिवर्तन के जारी रहने की संभावना है.



