
बागपत। हसनपुर मसूरी के जंगल में हाईवे किनारे नलकूप के पास तेंदुआ देखे जाने का शोर मच रहा है। व्यक्ति ने तेंदुए के खेत से गुजरने का वीडियो भी बनाया। सूचना पर वनकर्मी ने वीडियो व खेत में तेंदुए के पंजे के निशान भी देखे। ग्रामीणों ने तेंदुआ पकड़ने की मांग की। वहीं, वन विभाग ने इसे तेंदुआ होने से इन्कार किया है।
गत वर्ष की भांति एक बार फिर यमुना किनारे के जंगल में तेंदुआ देखे जाने का शोर मचा है। पिछले साल वन विभाग ने तेंदुए का शोर मचाने पर लोगों को मुकदमा दर्ज कराने तक की चेतावनी दी थी। इसके बाद तेंदुआ देखकर भी लोग शांत हो जाते थे।
रविवार को किसान ने दिल्ली यमुनोत्री नेशनल हाईवे के पास एक नलकूप के पास खेत से होकर गुजर रहे तेंदुए का वीडियो शूट किया। सूचना देने पर शाम को वन विभाग कर्मचारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बात की, लेकिन वीडियो में दिख रहे पशु का शरीर धारीदार नहीं होने पर तेंदुआ होने से इन्कार किया।
इसके बाद खेत में पशु के पंजे के निशान भी देखे जो कुत्ता या बिल्ले से अधिक बड़े लग रहे थे। किसान योगेश शर्मा ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहा पशु तेंदुआ है, लेकिन वन विभाग नकार रहा है। किसानों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की।



