
यूपी के वाराणसी में पति-पत्नी और वो का ऐसा मामला सामने आया है जिसने हैरान कर दिया है। शादी के सात साल बाद भी एक विवाहिता का संबंध अपने प्रेमी से बना रहा। इसका खुलासा शनिवार की तब हुआ जब ससुर ने बहू के कमरे से खटर-पटर की आवाज सुनी।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से पारिवारिक रिश्तों को तार-तार करने वाला एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां आधी रात को एक ससुर ने बेटे की गैरमौजूदगी में अपनी बहू के कमरे से खटरपटर और फुंसफुसाहट की आवाज सुनी तो चौंक गया। ससुर ने आसपास के लोगों को जुटा लिया। स्थानीय पुलिस भी बुला ली गई। बहू का कमरा खुला तो अंदर से उसका प्रेमी भी निकला। पुलिस दोनों को थाने ले आई। बाहर नौकरी कर रहे विवाहिता के पति को भी बुलाया गया। थाने में ही हाई-वोल्टेज ड्रामा तब शुरू हुआ जब विवाहिता प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। पहले से दो बच्चों की मां का इस तरह अड़ना सभी को हैरान कर गया। पत्नी की जिद के आगे पति भी बेबस और लाचार हो गया।
मामला शनिवार की देर रात का है। विवाहिता के ससुर ने बहू के कमरे से आवाजें सुनकर अनजान युवक की मौजूदगी भांप ली। ससुर ने बिना देर किए आसपास के लोगों को जुटा लिया। ससुर के शोर मचाने पर आस-पास के ग्रामीण भारी संख्या में वहां जुट गए। बहू का कमरा खुला तो प्रेमी भी निकला। ग्रामीणों ने प्रेमी को पकड़ लिया और पुलिस को खबर दे दी। मौके पर पहुंची फूलपुर थाना पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए युवक और विवाहिता दोनों को थाने ले आई। विवाहिता के मायके वाले भी बुला लिए गए।
कोलकाता से भागा आया पति
घटना की जानकारी मिलते ही बाहर नौकरी करने वाला विवाहिता का पति भी आनन-फानन में गांव और फिर सीधे थाने पहुंच गया। रविवार को दिनभर फूलपुर थाने में दोनों पक्षों और गणमान्य लोगों के बीच घंटों पंचायत चली। लेकिन मामले में नया मोड़ तब आया जब विवाहिता ने पुलिस और अपने ससुराल वालों के सामने दो टूक कह दिया कि वह अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है। महिला ने दावा किया कि शादी से पहले से ही उसका उस युवक के साथ प्रेम संबंध था और वे दोनों एक मंदिर में शादी भी कर चुके हैं।
दो बच्चों की मां की जिद, लाचार पति ने उठाया यह कदम
परिजनों के मुताबिक, महिला की शादी साल 2019 में हुई थी और उसके एक बेटा व एक बेटी भी हैं। जब महिला किसी की भी बात सुनने को तैयार नहीं हुई तो लाचार पति ने लिखित रूप से पुलिस को पत्र सौंपते हुए कहा कि यदि उसकी पत्नी अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ जाना चाहती है तो उसे अब कोई आपत्ति नहीं है। पति ने सिर्फ अपने दोनों बच्चों को अपने पास रखने की इच्छा जताई।
दूसरी तरफ, मायके पक्ष ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि जिस युवक के साथ जाने की जिद पर विवाहिता अड़ी है, वह युवक भी पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। फूलपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सभी पक्षों से बातचीत की जा रही है और युवक के घरवालों को भी बुलाया गया है। यदि आपसी सहमति से रास्ता नहीं निकलता है, तो विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।



