LPG Crisis in India: दुनियाभर में चल रहे एलपीजी संकट के बीच गैस को लेकर एक नहीं दो खुशखबरी आ रही हैं. मिडल ईस्ट में जारी तनाव और जंग के बीच भारत ने अपनी एनर्जी जरूरतों को लेकर बड़ी कामयाबी हासिल की है. पहली खुशखबरी एलपीजी टैंकर के होर्मुज स्ट्रेट पार करने को लेकर है. एएनआई के अनुसार भारत आ रहे एलपीजी टैंकर ‘एमवी सनशाइन’ ने इस समय सबसे संवेदनशील समुद्री रास्ते, होर्मुज स्ट्रेट को सफलतापूर्वक पार कर लिया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस जहाज के जरिये 48,456 टन एलपीजी भारत आ रही है, जिसके 18 मई तक पहुंचने की उम्मीद है. दूसरी खुशखबरी गैस सिलेंडर की कीमत को लेकर है.

सूत्रों का कहना है ‘एमवी सनशाइन’ को ऐसे जहाजों की लिस्ट में शामिल किया गया था, जिसे मौजूदा तनाव के चलते विशेष सुरक्षा घेरे में रखा गया था. इसके अलावा तेल कंपनियों ने सिलेंडर के रेट में किसी तरह का इजाफा नहीं किया है. कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा था कि 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर का रेट बढ़ सकता है. फारस की खाड़ी में बढ़ती संवेदनशीलता को देखते हुए भारत ने अपने एनर्जी जहाजों को निकालने के लिए खास स्ट्रेटजी तैयार की है. यह सफलता इसलिए खास हो जाती है क्योंकि ‘एमवी सनशाइन’ गैस का 15वां ऐसा जहाज है, जिसे इस खतरनाक इलाके से सुरक्षित रूप से बाहर निकाला गया है.
जहाज के 18 मई को भारतीय सीमा में पहुंचने की उम्मीद
अधिकारियों की तरफ से पुष्टि की गई कि टैंकर अपने तय रूट पर बढ़ रहा है और उसे भारत तक पहुंचाने के लिए हर संभव तकनीकी और सुरक्षा सहायता दी जा रही है. इस जहाज के 18 मई को भारतीय सीमा में पहुंचने की उम्मीद है. ईरान और इजरायल के बीच बढ़ रहे तनाव के बीच यह आशंका जताई जा रही थी कि होर्मुज स्ट्रेट से होने वाली एलपीजी सप्लाई रुक सकती है. क्योंकि जंग के बीच भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से इम्पोर्ट कर रहा है. सरकार और तेल कंपनियों ने वैकल्पिक इंतजाम और कूटनीतिक लेवल पर बातचीत के जरिये यह तय किया है कि सप्लाई चेन बाधित नहीं होगी.
भारतीय बाजार में सस्ती है कीमत
फिलहाल सप्लाई को लेकर बड़ा खतरा नहीं है, जिससे देश में गैस की किल्लत नहीं होगी. तेल कंपनियों की तरफ से 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर का रेट पिछले दाम पर ही चल रहा है. यह सिलेंडर दिल्ली में 3071 रुपये में मिल रहा है. घरेलू सिलेंडर की कीमत को लेकर भी यही उम्मीद है कि इंटरनेशल मार्केट में क्रूड ऑयल और गैस की कीमत में स्थिरता रहने पर आने वाले समय में आम जनता को राहत मिल सकती है. दुनियाभर में एलपीजी का एवरेज प्राइस 86.19 रुपये प्रति लीटर है. वहीं, भारतीय बाजार में औसत रेट 66.73 रुपये प्रति लीटर का है. ये आंकड़े ग्लोबल पेट्रोल प्राइसेज की तरफ से जारी किये गए हैं.



