मैहर: नागौद थाना क्षेत्र के डुड़हा गांव के समीप जंगल में शुक्रवार शाम एक युवक की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान मैहर जिले के गोरड्या गांव निवासी अनिल पटेल (28) के रूप में हुई है. आरोपियों ने युवक के सिर को पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया. घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले वहां शराब पार्टी की गई थी.
नहर के किनारे मिला शव, जेब से हुई पहचान
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 6 बजे ग्रामीणों ने डुड़हा गांव से एक किलोमीटर दूर जंगल में नहर के किनारे एक खून से लथपथ शव देखा. सूचना मिलते ही नागौद पुलिस मौके पर पहुँची. मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी शिनाख्त अनिल पटेल के रूप में की गई. पुलिस को शव के पास ही मृतक की बाइक, शराब की बोतल और गांजे की चिलम बरामद हुई है.
घर से जेवर और नगदी लेकर था फरार
परिजनों ने बताया कि अनिल 24 फरवरी को घर से अपनी मां और बहन के गहने व नगदी लेकर गायब हो गया था. इस संबंध में अमदरा थाने में उसके खिलाफ चोरी की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी. मृतक के पिता का पहले ही देहांत हो चुका है और वह अपनी मां व बहन के साथ ही रहता था.
साजिश के तहत हत्या की आशंका
नागौद थाना प्रभारी अशोक पांडेय के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला किसी करीबी द्वारा धोखे से बुलाकर हत्या करने का लग रहा है. पुलिस को संदेह है कि आरोपियों ने अनिल को किसी बहाने से जंगल में बुलाया, उसे शराब पिलाई और फिर भारी पत्थर से हमला कर उसकी जान ले ली. मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है, उसके खिलाफ अमदरा थाने में मारपीट सहित तीन मामले पहले से दर्ज हैं.
जांच में जुटी फॉरेंसिक और साइबर टीम
वारदात की गंभीरता को देखते हुए देर रात तक फॉरेंसिक एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की टीमें मौके पर साक्ष्य जुटाने में लगी रहीं. पुलिस अब अनिल के मोबाइल की कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि आखिरी बार वह किसके संपर्क में था. फिलहाल हत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है.



