महाराष्ट्र के ठाणे में सोमवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां एक सवारियों से भरी वैन सीमेंट मिक्सर से टकरा गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि इसमें 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना गोविली गांव के रायता पुल के पास सुबह करीब 10:45 बजे हुई।

जिले की ग्रामीण पुलिस ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि कल्याण से मुरबाद जा रही एक वैन की, विपरीत दिशा से आ रहे एक सीमेंट मिक्सर से आमने-सामने की टक्कर हो गई।

मुरबाद के तहसीलदार अभिजीत देशमुख ने बताया कि वैन में सवार कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है और दो घायलों को उल्हासनगर के केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इनमें से छह लोगों की पहचान कर ली गई है और अन्य पहचान करने की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने बताया कि मृतकों में आठ पुरुष और तीन महिलाएं शामिल थीं। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद कल्याण से अहिल्यानगर जाने वाली सड़क पर कुछ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और अब यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।

नोएडा में स्कूल बसों की टक्कर, 18 घायल

ग्रेटर नोएडा के दादरी कोतवाली क्षेत्र के आमका रूपबास रोड पर सोमवार सुबह दो स्कूल बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें एक बस में सवार 18 बच्चे घायल हो गए। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत दादरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में एक बस का चालक भी घायल हुआ, जबकि दूसरी बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।