IndiaUttar Pradesh

हरदोई में रिश्तों का कत्ल! दामाद ने पीट-पीटकर ससुर की ली जान, प्रसाद चढ़ाकर लौट रहा था बुजुर्ग

हरदोई में रिश्तों का कत्ल! दामाद ने पीट-पीटकर ससुर की ली जान, प्रसाद चढ़ाकर लौट रहा था बुजुर्ग

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस

उत्तर प्रदेश के हरदोई में रिश्तो के कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. एक दामाद ने अपने ससुर की पीट-पीट कर हत्या कर दी. घटना में मृतक की बहन भी घायल है. घटना तब हुई जब मृतक मंदिर से प्रसाद चढ़ाकर वापस अपने घर आ रहा था. ससुर और दामाद का रिश्ता जहां सम्मान और विश्वास का प्रतीक माना जाता है वहीं पचदेवरा थाना क्षेत्र में इसी रिश्ते को शर्मसार कर दिया गया.

शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज के मोहल्ला विकास नगर गंज निवासी अशोक बाबू उर्फ पिन्ने मंगलवार को अपनी बहन अलका के साथ बाइक से हनुमत धाम रामताल मंदिर पर प्रसाद चढ़ाकर वापस लौट रहे थे. जैसे ही वे पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम हथौड़ा के पास नहर के निकट पहुंचे तभी उनके दामाद मनमोहन उर्फ मन्नू निवासी ग्राम हथौड़ा ने उन्हें रोक लिया. इस दौरान दोनों लोगों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई. गुस्से में आकर आरोपी ने ससुर पर हॉकी से हमला कर दिया.

क्या है मामला?

जानकारी के मुताबिक, ससुर-दामाद के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, इसी रंजिश में दामाद ने हाकी से अपने ससुर के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. इसमें कई हाकी उनके सिर पर लगी. गंभीर रूप से घायल अशोक बाबू को लहूलुहान हालत में तत्काल इलाज के लिए फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

आरोपी दामाद फरार

घटना की सूचना मिलते ही पचदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. सीओ शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और मामले में तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर आरोपी दामाद की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं.


google button

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply