रीवा: बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बदराव गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जहाँ एक नाती ने अपने ही सगे दादा की डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. वारदात की वजह दादा का अपनी बहू (आरोपी की मां) के साथ बैठकर शराब पीना बताया जा रहा है. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और आरोपी फरार है.
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 70 वर्षीय श्रीनिवास चौधरी ने शनिवार को बैंक से पैसे निकाले थे. दोपहर करीब 3 बजे वह अपनी बहू के साथ घर के अंदर बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान उनका नाती करण साकेत वहां पहुंचा. अपनी मां और दादा को आपत्तिजनक स्थिति में शराब पीते देख वह अपना आपा खो बैठा.
शुरुआत में करण का अपनी मां से विवाद हुआ. जब दादा श्रीनिवास ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो करण ने पास ही पड़ा डंडा उठा लिया और वृद्ध दादा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. आरोपी ने वृद्ध को तब तक पीटा जब तक कि उनकी मौके पर ही मौत नहीं हो गई. मृतक के दूसरे नाती आशीष चौधरी ने बताया कि शोर सुनकर जब लोग बचाने आए, तो आरोपी ने उन्हें भी धमकाया और गाली-गलौज करते हुए किसी को पास नहीं आने दिया.
सूचना मिलते ही बिछिया थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस को मृतक की बहू मौके पर ही अत्यधिक नशे की हालत में मिली, जबकि आरोपी करण साकेत हत्या को अंजाम देकर साइकिल से फरार हो गया. पारिवारिक विवाद और शराब के सेवन के चलते यह हत्या हुई है. आरोपी की पहचान कर ली गई है और पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं. जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.



