
Amitabh Bachchan Tweet Reaction Ranvir Shorey: महानायक अमिताभ बच्चन अक्सर किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में छाए रहते हैं। इसी बीच अभिनेता एक बार फिर अपने रहस्यमयी ट्वीट को लेकर चर्चा में आ गए हैं। 83 वर्षीय अभिनेता ने 17 फरवरी को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट शेयर किया। जिसपर अब सेलेब्स से लेकर यूजर्स तक रिएक्शन दे रहे हैं।
दरअसल, बिग बी ने पोस्ट में लिखा कि “अपनी आवाज अब अपनी ना रही!!!” उनके इस छोटे लेकिन गूढ़ संदेश ने सोशल मीडिया पर चर्चाओं की झड़ी लगा दी। हालांकि, उनके ट्वीट्स अक्सर पहेली जैसे होते हैं, जिनका मतलब समझने में फैंस को वक्त लगता है। यही वजह है कि उनकी पोस्ट मिनटों में वायरल हो जाती है। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ। कई यूजर्स ने जहां चिंता जताई, वहीं कुछ ने मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी।
Sir, AI के आने से अपनी शक्ल भी अब अपनी ना रही!! 😭
— Ranvir Shorey (@RanvirShorey) February 17, 2026
बिग बी के पोस्ट पर रणवीर शौरी ने किया कमेंट
अभिनेता रणवीर शौरी ने भी कमेंट करते हुए लिखा, “सर, AI के आने से अपनी शक्ल भी अब अपनी ना रही।” उनका यह जवाब देखते ही देखते वायरल हो गया। इसके बाद यूजर्स ने भी कमेंट सेक्शन में रचनात्मक और चुटीले संदेशों की बाढ़ ला दी।
एक यूजर ने लिखा, “जब शरीर ही मिट्टी का है तो आवाज की चिंता कैसी?” तो किसी ने कहा, “अब मोहल्ले के लड़के भी शहंशाह वाली आवाज में उधार मांग रहे हैं।” एक अन्य कमेंट में लिखा गया, “सर, बस दुआ कीजिए कि परंपरा, प्रतिष्ठा और अनुशासन अब भी आपका ही रहे।”
सर, आवाज तो अब AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की हो गई, बस दुआ करिए कि ‘परंपरा, प्रतिष्ठा और अनुशासन’ अभी भी आपका ही रहे! वरना मोहल्ले के लड़के भी अब शहंशाह वाली आवाज में उधार मांग रहे हैं। 😂
— Tanveer Patel (@Tanveer860) February 17, 2026
साल 2010 से सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं अभिनेता
आपको बता दें, अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर 2010 से सक्रिय हैं। उन्होंने ट्विटर से जुड़ते समय अपने ट्वीट्स को नंबर देने की परंपरा शुरू की थी। बाद में फिल्म बदला के प्रमोशन के दौरान उन्होंने बताया था कि ट्वीट्स के साथ नंबर लिखने से उन्हें पुरानी पोस्ट ढूंढने में आसानी होती है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ हाल के वर्षों में कल्कि 2898 AD और वेट्टैयन जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह निर्देशक नितिश तिवारी की फिल्म रामायण: भाग 1 में जटायु की भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही ‘कल्कि 2898 AD’ के दूसरे भाग में भी उनकी मौजूदगी की चर्चा है। फिलहाल, भले ही उनका ट्वीट मजाकिया हो या किसी गहरे संकेत की ओर इशारा करता हो, लेकिन इतना तय है कि अमिताभ बच्चन का हर शब्द आज भी चर्चा का विषय बन जाता है।



