धमतरी : वन्यजीवों के दुश्मनों पर धमतरी वन विभाग और डॉग स्कॉड की संयुक्त टीम ने स्ट्राइक कर दी है.केरेगांव वन परिक्षेत्र के बांसीखाई बीट में एक नर नीलगाय के अवैध शिकार के मामले में विभाग को बड़ी सफलता मिली है.गरियाबंद से आए ‘स्निफर डॉग’ ने न केवल शिकार की गंध पकड़ी, बल्कि सीधे आरोपी के घर पहुँचकर उसके गले तक कानून का फंदा डाल दिया.
तीर से किया गया था हमला
22 मार्च की सुबह करीब 7:30 बजे कक्ष क्रमांक-121 के आरक्षित वन क्षेत्र में एक 3-4 वर्षीय नर नीलगाय का शव मिला। नीलगाय की गर्दन और पेट पर तीर के गहरे निशान थे, जो शिकारियों की बर्बरता को बयां कर रहे थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तत्काल उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिजर्व से डॉग स्कॉड की मदद मांगी.
डॉग स्कॉड का कमाल: घर तक पहुँचा दस्ता
मौके पर पहुँचे डॉग स्कॉड ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर सुराग तलाशा.डॉग ने गंध का पीछा करते हुए ग्राम डोकाल का रुख किया और सीधे मन्नू (पिता लहर सिंह) के घर जाकर रुक गया.वन विभाग की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.विभाग अब इस गिरोह में शामिल अन्य शिकारियों की तलाश में जुट गया है.
मुस्तैद प्रशासन और रिवॉर्ड की घोषणा
डीएफओ धमतरी ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के खिलाफ किसी भी तरह का अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
- निगरानी तंत्र: उड़नदस्ता स्ट्राइक फोर्स और गुप्तचरों को सक्रिय कर दिया गया है.
- गोपनीयता और इनाम: सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और उन्हें प्रोत्साहन राशि दी जाएगी.
- हेल्पलाइन नंबर: वन अपराध की सूचना 07722-238371 पर दी जा सकती है।



