सुपौल : सुपौल जिले में पुलिस के अमानवीय व्यवहार का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी किसी व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे हैं, जिससे स्थानीय लोग और इंटरनेट उपयोगकर्ता नाराज हैं.
घटना ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. दरअसल आपको बता दें कि करजाईन थाना क्षेत्र अंतर्गत मोतीपुर गांव में पुलिस के अमानवीय व्यवहार का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब प्रसारित हो रहा है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि डायल 112 पुलिस एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर रही है. युवक को तीन चार पुलिसकर्मी बंदूक के कुंदे से बुरी तरह मार रहे हैं.
पीड़ित युवक का नाम ललन कुमार राम बताया जा रहा है. बताया जाता है कि शराब की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गृहस्वामी को पकड़कर बेरहमी से पिटाई की. पुलिस टीम बिना महिला पुलिसकर्मी के साथ घर की तलाशी कर रही थी. जब वीडियो बनाते हुए महिला पुलिसकर्मी नहीं होने के बारे में पूछा गया तो गृहस्वामी युवक का मोबाइल छीनकर उसके साथ मारपीट करने लगी. घटना के बाद पीड़ित महादलित परिवार के लोग आहत हैं और उच्चाधिकारी से जांच कर दोषी पुलिसकर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है.
कुछ दिनों पूर्व भीमनगर थानाक्षेत्र के लालपुर वार्ड नंबर 14 निवासी कृष्णा कुमार ने करजाईन थाना पुलिस पर उसे तथा उसके पिता रंजीत पासवान के साथ मारपीट का आरोप लगाया था. इस संबंध में डीएसपी वीरपुर सहित अन्य वरीय पदाधिकारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी. दिए आवेदन में उन्होंने बताया था कि बायसी चौक से पहले पुलिस ने ओवरटेक करके उनके बाइक को रुकवाया तथा बिना कुछ पूछे उन्हें तथा उसके पिता के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगे.



