IndiaTrending

एक बार ऐसे बनाकर खाएं मूंगफली पाक, इतनी नरम कि खाते ही जाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

मूंगफली पाक रेसिपी
Image Source : YOUTUBE: @CHEFBHUPIKITCHEN

अगर कुछ मीठा खाने का मन हो तो आप प्रोटीन और सेहत से भरपूर मूंगफली पाक बनाकर खा सकते हैं। मूंगफली पाक बनाना बहुत आसान है। आप इसे मावा, चीनी और मूंगफली की मदद से तैयार कर सकते हैं। स्वाद में ये मूंगफली बर्फी बादाम और काजू बर्फी को भी पीछे छोड़ देगी। ग्वालियर में खास मूंगफली पाक बनाकर तैयार की जाती है। अगर आप भी इसे खाने के शौकीन हैं तो फटाफट नोट कर लें मूंगफली पाक की रेसिपी।

मूंगफली पाक रेसिपी

पहला स्टेप- मूंगफली पाक बनाने के लिए आप आधा किलो मूंगफली के दाने ले लें और उन्हें लगातार चलाते हुए मीडियम फ्लेम पर भून लें। ध्यान रखें मूंगफली में कहीं भी कालापन नहीं आना चाहिए। मूंगफली का छिलका बिल्कुल भी जलना नहीं चाहिए। गैस पर 10-12 मिनट में मूंगफली भुन जाएगी। 

दूसरा स्टेप- अब मूंगफली को हल्का ठंडा होने दें और उसे हाथ से रगड़ते हुए छिलका हटा लें। मूंगफली को किसी मोटे स्टेनर से छानकर या फटक कर छिलका निकाल दें। इससे मूंगफली के सफेद दाने निकल आएंगे। अब मूंगफली को मिक्सी में डालकर पीसना है। लेकिन मिक्सी को एक बार चलाएं और फिर रोकें, फिर चलाएं और रोकें, बीच-बीच में पलटते रहें। इस तरह मूंगफली को भूनना है। अगर लगातार चलाएंगे तो मूंगफली सही से पिसेगी नहीं और तेल छोड़ देगी। 

तीसरा स्टेप- अब कड़ाही में आधा किलो चीनी लें या आप थोड़ा कम भी कर सकते हैं। अब जितनी चीनी ली है उसका आधा पानी ले लें। अब इससे एक तार की चाशनी बना लें। केसर हो तो उसे भी थोड़ा डाल दें। मीडियम फ्लेम पर 1 तार वाली चाशनी बना लें। अब इसमें पिसी हुई हरी इलायची मिला दें। 

चौथा स्टेप- चाशनी में जब बबल बनने लगें और एक तार बन जाए, तो चाशनी में आधा किलो मावा तोड़कर मिला दें। मावा ताजा होना चाहिए। मावा जब घुल जाए तो इसमें 2 बड़े चम्मच घी डाल दें। अब इसमें पिसी हुई मूंगफली मिला दें। सारी चीजों को अच्छी तरह से मिला लें और स्पेचुला से टपकाते हुए इसे देखें कि बहुत ज्यादा पतला तो नहीं है। बैटर ज्यादा पतला होगा तो जमेगा नहीं।

पांचवां स्टेप- अब एक थाली में घी लगा दें और उसमें तैयार बैटर को डाल दें। तैयार किए बैटर को करीब 6 घंटे रूम टैंपरेचर पर जमने के लिए रख दें। अब इसे चाकू की मदद से बर्फी जैसी शेप में काट लें। हर पीस पर दो टुकड़ों में कटा हुआ बादाम लगाकर बर्फी सर्व करें।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply