
Priyanka Chopra Raw Mango Photos: बॉलीवुड की देसी गर्ल और ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपनी तेलुगू डेब्यू फिल्म वाराणसी की शूटिंग के सिलसिले में हैदराबाद में हैं। शूटिंग से पहले उन्होंने पति निक जोनस, बेटी मालती मैरी और परिवार के साथ एक सुकून भरा वीकेंड बिताया, जिसकी झलकियां उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं।
एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरों और वीडियो का एक कोलाज साझा किया, जिसमें उनका रिलैक्सिंग संडे नजर आया। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि यह उन खास दिनों में से एक था, जब रविवार सच में आराम और सुकून देने वाला लगा।
बिकिनी लुक के साथ प्रियंका चोपड़ा ने देसी अंदाज में जीता दिल
शेयर की गई तस्वीरों में प्रियंका चोपड़ा पूल के किनारे आराम करती दिखाई दे रही हैं। एक तस्वीर में वह रोब पहनकर धूप सेंकती नजर आती हैं, जबकि दूसरी में वह नीले रंग की बिकिनी में आत्मविश्वास से भरा पोज देती दिखती हैं।
हालांकि इन तस्वीरों में एक दिलचस्प बात यह रही कि फैंस का ध्यान उनके ग्लैमरस लुक से ज्यादा उनकी प्लेट में रखी कच्ची कैरी पर गया। वीडियो क्लिप में वह लाल मिर्च पाउडर के साथ कच्ची कैरी का स्वाद लेती नजर आईं। इस देसी स्नैक को देखकर फैंस ने मजेदार कमेंट्स भी किए।
कई यूजर्स ने लिखा कि प्रियंका दिल से ही नहीं बल्कि अपने स्वाद से भी पूरी तरह देसी हैं। कुछ फैंस ने इसे उनका पसंदीदा देसी स्नैक बताते हुए उनकी सादगी की तारीफ की।
View this post on Instagram
परिवार के साथ बिताए खास पल
इन तस्वीरों में प्रियंका के परिवार के साथ बिताए गए कई खास पल भी देखने को मिले। एक फोटो में उनकी बेटी मालती अपनी नानी मधु चोपड़ा के गले लगती नजर आईं, जो बेहद भावुक और प्यारा पल था। वहीं एक अन्य तस्वीर में मालती अपने पिता निक जोनस के साथ खेलती दिखाई दीं।
प्रियंका की इन तस्वीरों पर सिर्फ फैंस ही नहीं, बल्कि फिल्म प्रोड्यूसर एकता कपूर ने भी कमेंट करते हुए उनकी तारीफ की और उन्हें सुपरस्टार बताया।
‘वाराणसी’ को लेकर बढ़ा उत्साह
वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा जल्द ही निर्देशक एस एस राजामौली की फिल्म वाराणसी में नजर आएंगी। यह फिल्म अगले साल संक्रांति 2027 के मौके पर रिलीज होने की योजना है।
इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा के साथ महेश बाबू, पृथ्वीराज सुकुमारन और प्रकाश राज जैसे बड़े कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित एक रोमांचक सफर को दिखाएगी।
आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चा
इसके अलावा प्रियंका चोपड़ा के पास कई बड़े इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स भी हैं। वह जल्द ही वेब सीरीज सिटाडेल के दूसरे सीजन में नजर आएंगी।
फिलहाल उनकी फैमिली के साथ बिताई गई यह सुकून भरी छुट्टियां और देसी अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है, जिसकी वजह से उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।



